बीजाडाडी लोक सेवा केंद्र भवन हुआ जर्जर, छत टूटने की कगार पर, क्या एक और हादसे की हो रही तैयारी?

रेवांचल टाईम्स – मण्डला, जिले के विकास खंड बीजाडाडी क्षेत्र का लोक सेवा केंद्र इस समय जर्जर अवस्था में है और किसी बड़ी दुर्घटना को आमंत्रण दे रहा है। भवन की छत से लगातार पानी टपक रहा है, दीवारें सीलन से भर चुकी हैं और छत के कुछ हिस्से टूटने की कगार पर हैं। सबसे चिंताजनक बात यह है कि इस बदहाल भवन में रोज़ाना सैंकड़ों लोग आधार कार्ड अपडेट, जाति-निवास, आय प्रमाण पत्र जैसी आवश्यक सेवाओं के लिए आते हैं।


स्थानीय कर्मचारियों और आम नागरिकों को जान जोखिम में डालकर काम करना पड़ रहा है। छत से टपकते पानी के बीच दस्तावेज़ संभालना और कंप्यूटर चलाना रोज़ की चुनौती बन गई है।

जनप्रतिनिधियों की अनदेखी, विभाग की लापरवाही:-

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि वे कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग के अधिकारियों को इस विषय में जानकारी दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का आरोप है कि हर वर्ष भवन की मरम्मत व पुताई हेतु बजट स्वीकृत होता है, लेकिन उसका सदुपयोग नहीं हो रहा। इससे यह संदेह गहराता है कि कहीं यह राशि गबन तो नहीं हो रही?

शौचालय की स्थिति अत्यंत दयनीय:-

केंद्र के शौचालयों की स्थिति भी बेहद खराब है। गंदगी इतनी है कि बदबू बाहर तक महसूस होती है, जिससे परिसर में बैठे लोग भी परेशान रहते हैं। शौचालय में पानी तक की समुचित व्यवस्था नहीं है। स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया है कि क्या एक साधारण सफाईकर्मी (भ्रत्य) की नियुक्ति भी इस केंद्र में नहीं की जा सकती?

जांच की मांग:-

जनता ने उच्च अधिकारियों से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं की गई तो कोई बड़ी दुर्घटना घट सकती है, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की होगी।
क्या बीजाडाडी की जनता को हादसे का इंतजार करना पड़ेगा? या प्रशासन समय रहते जागेगा स्थानीय प्रशासन और जिला प्रशासन?

Leave A Reply

Your email address will not be published.