अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी, मोहनटोला घाट पर जुटी पुलिस
मंडला। महाराजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मंडला-घंसौर रोड स्थित मोहनटोला घाट पर मंगलवार सुबह एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। राहगीरों ने घाट किनारे शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही महाराजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेराबंदी कर जांच शुरू की। महिला की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष बताई जा रही है, हालांकि पहचान अब तक नहीं हो पाई है। शव के आसपास संदिग्ध परिस्थितियों के निशान भी मिले हैं, जिससे मामला और पेचीदा हो गया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाते हुए आसपास के थानों और गुमशुदगी रिकॉर्ड खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।