लाठी-डंडे से पीटकर युवक की हत्या, पुलिस ने शुरू की जांच
मंडला। मोतीनाला थाना क्षेत्र के मवई विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सूरजपुरा के पोषक ग्राम बिलाईखार में सोमवार रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान अनिल कुशराम के रूप में हुई है।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, युवक किसी घर में घुसने की कोशिश कर रहा था, इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने उसे पकड़कर लाठी-डंडों से पीटा। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, पुलिस ने अभी इस कथित कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
मामले की सूचना मिलते ही मोतीनाला थाना प्रभारी हेमंत बावरिया पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौका-मुआयना किया। पुलिस ने बिलाईखार निवासी दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी का कहना है कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही किया जाएगा। फिलहाल पूरे मामले की बारीकी से जांच जारी है।