मंडला में “हर घर तिरंगा” कार्यक्रम के अंतर्गत भव्य तिरंगा यात्राएं, नर्मदा में नौका तिरंगा यात्रा बनी आकर्षण का केंद्र

रेवांचल टाइम्स मंडला। प्रदेश कार्यालय के निर्देश पर भारतीय जनता पार्टी जिला मंडला द्वारा मंगलवार को “हर घर तिरंगा” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न ग्रामीण मंडलों में देशभक्ति का अद्भुत उत्साह देखने को मिला। सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा थामकर गाँव-गाँव, गली-गली और सड़कों पर राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
कार्यक्रम की सबसे खास कड़ी रही नर्मदा नदी में निकाली गई नौका तिरंगा यात्रा, जिसमें भाजपा कार्यकर्ताओं ने सजावट से सुसज्जित नौकाओं पर तिरंगा लहराते हुए स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को नमन किया। नौका यात्रा में देशभक्ति के गीत गूंजते रहे और किनारों पर खड़े लोगों ने तिरंगे को देखकर जयघोष किया।
कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा ग्रामीण मंडल के द्वारा साल्हेडंडा से प्रारंभ होकर पौंडी होते हुए महाराजपुर तक निकली तिरंगा यात्रा में सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के नारे लगाए। वही चिरईडोंगरी मंडल के द्वारा जामगांव से चिरईडोंगरी तक ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा निकाली गई। सजे-धजे ट्रैक्टरों पर तिरंगे लहराते हुए ग्रामीणों ने पूरे मार्ग को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।वही बम्हनी मंडल के द्वारा टिकरी टोला से बम्हनी बस स्टैंड तक पैदल और वाहन रैली के रूप में तिरंगा यात्रा निकाली गई। राहगीरों और दुकानदारों ने यात्रा का स्वागत पुष्प वर्षा से किया।वही जिला इकाई के द्वारा संगम घाट में विशेष नौका तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें भाजपा जिला इकाई के कार्यकर्ता शामिल हुए और नर्मदा तट से तिरंगे को सलामी दी। अंजनिया मंडल के द्वारा भाजपा कार्यालय अंजनिया से मुख्य मार्ग होते हुए तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों का जोश देखने लायक था।
पूरे आयोजन में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा के मार्गदर्शन और नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर भागीदारी निभाई। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री संपतिया उईके विशेष रूप से मौजूद रहीं। उनके साथ भाजपा पदाधिकारी, ग्रामीण मंडलों के अध्यक्ष, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा और सभी प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता शामिल हुए।
भाजपा जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने कहा कि “हर घर तिरंगा” केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि यह भारत माता के सम्मान और हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन करने का प्रतीक है। इस कार्यक्रम के माध्यम से हम आने वाली पीढ़ियों में राष्ट्रभक्ति की भावना जगाने का संकल्प लेते हैं।”
कैबिनेट मंत्री संपतिया उईके ने अपने संबोधन में कहा कि देश की स्वतंत्रता के 79 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिस उत्साह और एकता का परिचय दिया है, वह प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक झंडा नहीं, बल्कि यह हमारी पहचान, गर्व और त्याग का प्रतीक है।
दिनभर जिले के अलग-अलग स्थानों से तिरंगा यात्राओं के दृश्य सोशल मीडिया पर भी वायरल होते रहे। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई तिरंगे के सम्मान में खड़ा दिखाई दिया। मंडला जिला भाजपा ने यह संदेश दिया कि चाहे गाँव हो या शहर, भारत माता के सम्मान में हर दिल तिरंगे के साथ धड़कता है। कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
संजय कुशराम, अखिल सिहारे, आशीष झरिया, सुधीर कसार, महेंद्र पटेल, विजय आनंद मरावी, मीना हरदहा, बद्री नंदा, सूर्यकांत जंघेला, श्रीराम परते, शिवा रानू राजपूत, अनीता तिवारी, नीरज पटेल, विनय मिश्रा, जयदत्त झा, नरेश चंद्रोल, शिखा श्रीवास्तव, जोरावर सिंह, शेखर निखारे, टेकचंद पंद्रो, अभिनव सिहारे, अजीत सिंहानी, संतोष सोनी, धर्मराज परिहार, राजू, रानू, मदन, अभिषेक राय, सुशील मिश्रा, सुनील मिश्रा,नरेश सिंधिया, उत्कर्ष यादव, उमाकांत सिरोठिया, अरुण कटारे, सुरेश सोनी, श्रद्धा उइके, नितिन यादव, उमा यादव,प्रतिभा साहू, संध्या कांड्रा, राजेश दुबे, दिग्विजय, उमेश पटेल,तारेंद्र पटेल, अंकित ज्योतिषी, राम जी गायक, शानू दुबे, नीरज कांड्रा सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।