कस्तूरबा गांधी कन्या छात्रावास मोहगांव में जन्माष्टमी महोत्सव का भव्य आयोजन

 

रेवांचल टाइम्स मोहगांव मंडला – श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास मोहगांव में भव्य जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया गया। इस मौके पर छात्राओं ने भगवान श्रीकृष्ण की आराधना करते हुए विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण की झांकी सजाकर पूजन-अर्चन से हुई। छात्राओं ने रासलीला, भजन, नृत्य और नाट्य मंचन के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन चरित्र का जीवंत चित्रण किया। ‘माखन चोर’ और ‘गोवर्धन लीला’ जैसे प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनों को भाव विभोर कर दिया।कार्यक्रम का संचालन छात्रावास की अधीक्षिका नंदनी यादव के मार्गदर्शन में हुआ। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा –“भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणादायी है। हमें उनसे सत्य, धर्म और कर्तव्यपालन की शिक्षा लेनी चाहिए। बालिकाओं को पढ़ाई के साथ-साथ अच्छे संस्कार भी अपनाने चाहिए ताकि वे समाज और देश के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।”मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के साथ झूला झुलाने की परंपरा निभाई गई। पूरे परिसर में भक्ति और उल्लास का माहौल रहा। उपस्थित जनों ने छात्राओं के उत्साह और सांस्कृतिक प्रतिभा की सराहना करते हुए आयोजन को ऐतिहासिक बताया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.