मेजर ध्यानचंद की जयंती पर ब्रेन चाइल्ड एकेडमी में मनाया गया राष्ट्रीय खेल दिवस

रेवाँचल टाईम्स – मंडला ब्रेन चाइल्ड एकेडमी में 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस धूमधाम से मनाया गया। यह दिन महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पर मनाया गया, जिनका भारतीय खेल इतिहास में अविस्मरणीय योगदान है। इस मौके पर स्कूल ने खेल भावना और टीम वर्क के महत्व को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत थीम असेंबली से हुई, जिसमें सभी विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय और खेल प्रतिज्ञा ली। इसके बाद मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित की गई, जहां उनकी उपलब्धियों और खेल के प्रति उनके समर्पण पर प्रकाश डाला गया।
छात्रों ने खेल के महत्व पर भाषण और कविताओं के माध्यम से अपने विचार प्रस्तुत किए। भारतीय ओलंपिक की उपलब्धियों को एक नाटकीय प्रदर्शन के रूप में छात्रों ने पेश किया। इसके बाद, स्कूल के प्रांगण में सामूहिक पीटी ड्रिल का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
भारत के महान धावक मिल्खा सिंह के जीवन और उपलब्धियों पर एक डांस ड्रामा प्रस्तुत किया गया जो कि सभी छात्रों के लिए प्रेरणादायक रहा। अंत में, स्कूल के वार्षिक खेल महोत्सव (स्पोर्ट्स मीट) का उद्घाटन समारोह हुआ और वरिष्ठ कक्षाओं के बीच इंटरहाउस बास्केटबॉल मैच का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने खेल भावना और टीम वर्क का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम ब्रेन चाइल्ड एकेडमी के डॉयरेक्टर निशांत शुक्ला, प्राचार्या डॉ दिव्या शुक्ला के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ एवं संचालन में वरिष्ठ कोऑर्डिनेटर राजुल सिंहानी, सोनिया जैन, स्पोर्ट्स टीचर अभिषेक यादव, रवि ठाकुर एवं समस्त शिक्षकों का विशेष योगदान रहा।