राष्ट्रीय खेल दिवस पर सद्भावना फुटबॉल मैच का हुआ आयोजन

सिटीजन इलेवन ने पुलिस इलेवन को 4 / 0 से मात
खेल के जरिए पुलिस ने दिया यातायात के नियमों का पालन और नशे से दूर रहने का सन्देश
रेवाँचल टाईम्स – मंडला शनिवार को स्थानीय महात्मा गाँधी स्टेडियम में राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में सद्भावना फुटबॉल मैच का आयोजन किया गया। यह फुटबॉल मैच जिला पुलिस बल द्वारा मेजर ध्यानचंद की याद में आयोजित किया गया। पुलिस एकादश और सिटीजन एकादश के बीच आयोजित इस मैच का मकसद युवा पीढ़ी को नशे से दूर कर मैदान से जोड़ना तो था ही साथ इसके जरिये जिला पुलिस बल ने आमजन को यातायात के नियमों का पालन करने और साइबर फ्रॉड से सचेत रहने के लिए भी जागरूक किया। मैच के पहले मेजर ध्यानचंद के चित्र पर श्रृद्धासुमन अर्पित किए गए। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें खेल भावना के साथ बेहतर खेल प्रदर्शित करने के लिए शुभकामनाये भी दी। इस मैच के जरिये पुलिस ने यह सन्देश भी देने की कोशिश की कि वह पुलिसिंग के आलावा खेलकूद व विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर आमजन के साथ कन्धे से कन्धे मिलाकर कार्य करने के लिए संकल्पित है। इस सद्भावना मैच में दोनों ही टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। मैच के पहले ही मिनिट में पुलिस को गोल करने का सुनहरा अवसर मिला। पुलिस इलेवन के खिलाडी द्वारा ली गई फ्री किक सीधे गोल पोस्ट पर टकरा गई। इसके बाद सिटिज़न इलेवन के खिलाडियों ने पुलिस को गोल करने का मौका नहीं दिया। इस रोमांचक मुकाबले में सिटीजन एकादश की टीम विजेता 4 / 0 से विजय रही। सिटिज़न इलेवन की तरफ से बिलाल खान ने 1, प्रथम चौकसे ने 2 और यावेश संत ने 1 गोल किया। मैच के अंत में पुलिस इलेवन के कप्तान संदीप भारतीय को उपविजेता और सिटीजन इलेवन के कप्तान पंकज उसराठे को विजेता ट्रॉफी प्रदान की गई। मैच में रेफरी की भूमिका का निर्वहन अभिषेक यादव, अस्सिटेंट रेफरी की भूमिका अतुल चीचाम व नीरज मार्को ने निभाई।

मैच के बाद खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा ने खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेल दिवस की शुभकामना देते हुए अच्छे खेल के लिए भी बधाई दी। साथ ही उन्होंने कहा कि कि जब भी आप दो पहिया वाहन चलाएं तो हेलमेट जरूर लगाए। मैं यह मानकर चलता हूं कि खिलाड़ी जो होता है वह हमेशा नशे से खुद को, अपने दोस्तों को, अपने परिजनों को दूर रखता है। जब भी चार पहिया वाहन चलाएं तो सीट बेल्ट जरूर लगाए। बहुत सारी ऐसी चीज जो हमारे आसपास होती रहती है। हम सब फोन का इस्तेमाल करते हैं। मोबाइल पर आए हुए किसी भी अनजान मैसेज को क्लिक न करें। अपने ओटीपी किसी से शेयर ना करें। बैंक संबंधी ऐसी कोई भी जानकारी किसी से शेयर ना करें जिससे आपकी गाढ़ी कमाई के साथ कोई फ्रॉड हो जाए। साथ में महिला और बच्चों की सुरक्षा के लिए असली हीरो बनकर रहे। जहां पर भी कभी ऐसा अवसर आता है तो जरूर उसके बारे में रोक-टोक करें। यदि कोई व्यक्ति गर्ल्स स्कूल या कॉलेज या किसी ऐसे स्थान / बाजार में बच्चियों या महिलाओं से छेड़खानी करता है तो रोक-टोक करें, पुलिस को खबर करें। उनके वीडियो बनाएं। यह हमारा खेल जो है हम सबको टीम वर्क के साथ काम करने के लिए प्रेरित करता है। खेल मैदान के बाहर भी हमें ऐसे ही काम करना है।
जिला पुलिस बल द्वारा आयोजित इस सद्भावना मैच के दौरान नगर पालिका परिषद मंडला के अध्यक्ष विनोद कछवाहा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इसके अलावा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के जिला क्रीड़ा अधिकारी विकास खराड़कर, जिला फुटबाल संघ के अध्यक्ष डॉ दिलीप शर्मा, हॉकी मंडला के सचिव सैयद कमर अली, नर्मदा स्पोर्ट्स क्लब के सचिव अनिल सोनी, राजेंद्र शर्मा, जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव चंद्रेश खरे, रामकृष्ण सेवाश्रम के स्वामी शारदात्मानंद, हैंडबॉल कोच विक्रम अवॉर्डी सुश्री सोना दुबे, खोखो कोच डॉ. आकाश खत्री, समीर बाजपाई, योगेश चौरसिया सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित थे। इस आयोजन को सफल बनाने में डीएसपी हेडक्वार्टर सतीश चतुर्वेदी, आर आई सुनील नागवंशी, सूबेदार विवेक करोसिया का उल्लेखनीय योगदान रहा।