मुसाफरी में लापरवाही, बाइकर्स दे रहे वारदातों को अंजाम
रेवांचल टाइम्स मंडला, जिले में पुलिस की मुसाफरी (आवागमन) पर निगरानी में लापरवाही अब अपराध की बड़ी वजह बनती जा रही है। बाहरी जिलों और राज्यों से आने वाले संदिग्ध व्यक्ति पहले क्षेत्र में रेकी करते हैं और फिर चोरी या राहजनी जैसी घटनाओं को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं।
कोतवाली थाना क्षेत्र और घुघरी में हाल ही में हुई घटनाओं ने इस आशंका को और पुख्ता किया है सूत्रों से जानकारी के अनुसार कि अधिकांश बड़ी चोरियों में बाहरी अपराधियों की भूमिका है। लगातार हो रही आपराधिक वारदातों से आमजन में असंतोष व्याप्त है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि त्योहारों के मौसम में अन्य जिलों से सामान बेचने के बहाने कई लोग आते हैं। ये लोग किराए के मकानों, सराय, होटलों या धर्मशालाओं में ठहरते हैं।और घूम घूम कर समान बेचते है लेकिन इनकी कोई स्पष्ट पहचान या निगरानी नहीं हो पाती, जिससे अपराध की आशंका बढ़ जाती है।
अपराध की पटकथा तैयार कर रहे हैं बाइकर्स
सूत्रों के अनुसार, इन अपराधियों का मुख्य माध्यम बाइक होती है। ये संदिग्ध बाइकर्स पहले रेकी करते हैं, फिर चोरी, या लूट जैसी घटनाओं को अंजाम देकर भाग जाते हैं। पुलिस की पेट्रोलिंग और निगरानी तंत्र की कमी का फायदा उठाकर ये अपराधी जिले से बाहर निकल जाते हैं।
पुलिस को अब तक नहीं मिली बड़ी सफलता
हालिया घटनाओं के बाद पुलिस अब तक किसी बड़ी सफलता को अंजाम नहीं दे पाई है। न ही आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है और न ही चोरी गया माल बरामद किया गया है। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
जनता की मांग – मुसाफरी पर कड़ी निगरानी हो
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि बाहर से आने वाले लोगों की जांच, पहचान और निगरानी के लिए सख्त इंतजाम किए जाएं। खासकर त्योहारों और मेलों के समय जब बाहरी आवाजाही अधिक होती है, तब मुसाफरी रजिस्टर, होटल रजिस्ट्रेशन और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना बेहद जरूरी है।
इनका कहना है
मेरे द्वारा रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है लेकिन आज दिनांक तक किसी भी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं हुई और न लूट करने वाले पकड़ाए
विजय सिंह सेल्समैन
शराब दुकान घुघरी.