स्वस्थ मां अपने स्वास्थ्य की चिंता करेगी तो एक स्वस्थ बच्चे को जन्म देगी

सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज में स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ

रेवांचल टाइम्स नारायणगंज मंडला. महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए मंडला जिले में स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 2 अक्टूबर तक चलेगा, जिसका उद्देश्य महिलाओं में स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी समस्याओं की पहचान कर उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराना है। आयोजित शिविर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 75 वें जन्मदिन के अवसर पर सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाया जाएगा। इस कार्यक्रम का भव्य आयोजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज में आयोजित किया गया।
स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों द्वारा किया गया। इस दौरान पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रतन सिंह ठाकुर, जनपद उपाध्यक्ष अविनाश शर्मा, भाजपा मंडल ब्लाक अध्यक्ष किसन तेकाम, पूर्व जिला पंचायत सदस्य डा. विजय सर्वटे, समाजसेवी दीपक पदम, सीबीएमओ डॉ अमृत लाल कोल, ब्लाक परियोजना अधिकारी संजीव मोहरे समेत ग्रामीण और सीएचसी स्टाफ मौजूद रहा। इस दौरान सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल ने उपस्थितजनों को बताया कि अब 100 प्रतिशत संस्थागत प्रसव हो रहा है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग का अमला, महिला बाल विकास, आंगनवाडी कार्यकर्ता समेत अन्य विभाग भी इसके लिए लोगों को जागरूक कर रहा है। प्रसव के दौरान वाहन की सुविधा लाने और ले जाने के लिए दी जा रही है। इसके साथ ही प्रोत्साहन राशि भी दी जाती है।
स्वास्थ्य शिविर के शुभारंभ अवसर पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रतन सिंह ठाकुर ने उपस्थित जन और स्टाफ से कहा कि अब महिलाओं में बदलाव आ गया है, वे भी किसी से कम नहीं है, पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही है। उन्होंने कहा कि नारी के साथ यदि भेद हुआ है तो वह नारी ही भेद करती है, नारी ही अपने बेटे और बेटी में भेद करती है। यदि बेटा घर से बाहर घंटों रहे तो उसे कुछ नहीं कहा जाता है, वहीं बेटी यदि कुछ देर के लिए ही बाहर जाए तो सबसे पहले मां ही सवाल करती है, जो हमारा सामाजिक परिवेश है, लेकिन अब बदलाव आ गया है, पहले महिलाओं को सुरक्षित रख पाना मुश्किल होता था, लेकिन अब ऐसा नहीं है, समय बदल गया है।
एक स्वस्थ्य मां एक स्वस्थ्य बच्चे को जन्म देगी उन्होंने मातृ शक्तियों से निवेदन किया है कि बेटे और बेटी में भेद ना करें, दोनों एक सामान है। उन्होंने आगे कहा कि एक स्वस्थ मां एक स्वस्थ बच्चे को जन्म देगी, जो संस्कार देगी वह जीवन भर काम आता है। संस्कार, शिक्षा और स्वास्थ्य ये मनुष्य के लिए अनिवार्य और महत्वपूर्ण है। यदि एक स्वस्थ मां अपने स्वास्थ्य की चिंता करेगी और एक स्वस्थ बच्चे को जन्म देगी, अच्छे संस्कार देगी तो मान के चलिये की वह इस देश का एक जिम्मेदार नागरिक बनेगा। रतन सिंह ठाकुर ने कहां कि मै ऋणी मानता हूं इस देश के सिपाहियों का और स्वास्थ्य विभाग का क्योंकि जवान देश की रक्षा कर रहे है, और देश के अंदर नागरिकों की कोई रक्षा कर रहा है वह है स्वास्थ्य कर्मचारी है, जो दिन रात लोगों के स्वास्थ्य की देखभाल में लगे रहे है।
जन आंदोलन के रूप में राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन:
ब्लाक परियोजना अधिकारी संजीव मोहरे ने बताया कि 17 सितंबर से 16 अक्टूबर तक आठवां राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन जन आंदोलन के रूप में किया जाना है। इसी तारतम्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान का शुभारम्भ भी किया गया। इसमें पोषण माह के दौरान समन्वित प्रयास माता, किशोरी एवं बच्चों के पोषण पर प्रभावी रूप से कार्य करने का प्रयास किया जायेगा। इसमें प्रतिदिन थीम अनुसार 207 आंगनवाड़ी केन्द्रों में गतिविधियों का आयोजन किया जायेगा। इसमें न सिर्फ जन प्रतिनिधियों बल्कि स्थानीय जनसमुदायों और पुरुषों की भागीदारी रहेगी। शिविर के शुभारंभ अवसर पर जगह-जगह गतिविधियां आयोजित की गई इसमें नारे लेखन, दीवार लेखन, रैली, पोषण प्रदर्शनी, स्वास्थ्य जांच, पोषण शपथ और प्रधानमंत्री के उदबोधन को लोगों द्वारा सुना गया। गर्भवती, धात्री महिलाओं को प्रभावी स्तनपान एवं 6 माह के बाद ऊपरी आहार के विषय में जागरुक किया गया। स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर रैली निकाली गई और लोगों को स्वस्थ नारी सशक्त परिवार का संदेश दिया गया। इसके साथ ही एक पेड़ मां के नाम अंतर्गत वृक्षारोपण किया गया।
शिविर में हुई महिलाओं की सभी जांचें :
बताया गया कि शिविर के दौरान महिलाओं की सभी जांचे की गई और परिणाम तुरंत महिलाओं को दिए गए। शिविर में हाइपरटेंशन, डायबिटीज, ओरल कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर, सर्वाइकल कैंसर, टीबी, एनीमिया और सिकल सेल की स्क्रीनिंग की गई। इसके साथ ही एएनसी चेकअप, ब्लड शुगर की जांच और टीकाकरण किया गया। शिविर में आने वाले लोगों को नि:शुल्क पोषण संबंधी सलाह भी दी जाएगी। इसके साथ ही आयुष्मान कार्ड और वयवंदना कार्ड भी बनाए गये।

Leave A Reply

Your email address will not be published.