रॉयल क्लब ने चौथे वर्ष भी किया फलाहारी भंडारे का आयोजन
पूर्ण श्रद्धा के साथ किया जाता है यह आयोजन

रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा छिंदवाड़ा शहर के रॉयल क्लब नरसिंहपुर रोड श्याम टॉकीज ने इस वर्ष भी नवरात्रि के पावन पर्व पर अपना पारंपरिक फलाहारी भंडारा आयोजित किया है। यह लगातार चौथा वर्ष है जब क्लब अध्यक्ष गुरजीत सिंह शंटी बेदी और उनकी पूरी टीम मिलकर यह नेक कार्य कर रही है।
नवरात्रि के पहले दिन से ही शुरू हुआ यह भंडारा अष्टमी तक निरंतर चलेगा। इसका उद्देश्य उन सभी भक्तों और जरूरतमंदों को फलाहार उपलब्ध कराना है, जो इन नौ दिनों में उपवास रखते हैं। भंडारे की शुरुआत देवी स्वरूप कन्याओं की पूजा-अर्चना और श्रीफल-लिफाफा भेंट करके की गई, जिसके बाद सभी के लिए फलाहार वितरण शुरू हुआ।
रॉयल क्लब के सह सचिव शैलेंद्र मालवीय ने बताया कि नवरात्रि के दौरान मिलने वाले फलाहार में फल, नमकीन, खिचड़ी, पानी जैसी चीजें शामिल हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अष्टमी के बाद नवमी और दशमी को भक्तों के लिए भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी एक साथ बैठकर भोजन ग्रहण करेंगे।
यह आयोजन सिर्फ छिंदवाड़ा तक ही सीमित नहीं है, बल्कि आस-पास के जिलों में भी इसकी सराहना हो रही है। इस भंडारे में सभी समुदाय के लोग एक साथ मिलकर सेवा करते हैं, जो सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करता है। रॉयल क्लब का यह प्रयास निश्चित रूप से समाज में सेवा और भक्ति का एक आदर्श उदाहरण पेश करता है।