प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत माता का मस्तक विश्व पटल पर उंचा किया है…सांसद

. मोदी जी के जीवन पर आयोजित हुई प्रदर्शनी, प्रबुद्धजनों को दिखाई गई डॉक्यूमेंट्री फिल्म
रेवाँचल टाईम्स – मंडला, सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत 17 सिंतबर से 2 अक्टूबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिवस मनाया जा रहा है जिसके अंतर्गत नगर पालिका टाउन हॉल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवाभावी जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। पूर्व केंद्रीय मंत्री व मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, सरदार पटेल विश्वविद्यालय के कुलाधिपति इंजी. दिवाकर सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा, नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, बालाघाट से आए सामाजिक कार्यकर्ता अजय मिश्रा सहित अन्य अतिथियों ने फीता खोलकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री मोदी के बाल्यकाल से लेकर देश के सर्वोच्च पद तक के सफर को तस्वीरों व दस्तावेजों के माध्यम से जीवंत किया गया है। उपस्थित जनों ने इसे गहराई से देखा और इसकी सराहना की। सेवा पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत आयोजित प्रबुद्ध जनसंवाद कार्यक्रम की शुरुआत परंपरागत और आध्यात्मिक तरीके से की गई। सर्वप्रथम कार्यक्रम का शुभारंभ साधु-संतों का शॉल और श्रीफल से सम्मान कर किया गया, इसके पश्चात् भारतीय जनसंघ के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय, देशभक्ति और राष्ट्रवाद के प्रतीक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, तथा भारत माता के तैलचित्र पर अतिथियों ने माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरूआत की गई। इस दौरान पूर्व विधायक देवसिंह सैयाम, नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, जिला उपाध्यक्ष महेन्द्र रठौर, मंजू कछवाहा संतोष रजक सहित जिले विभिन्न संगठन पंतजलि, पेशनर्स, प्रोफेसर, व्यापारी, डॉक्टर्स, अधिवक्ता संघ के साथ विभिन्न समाज के अध्यक्ष उपस्थित रहे। कार्यक्रम संयोजक प्रवीण तिवारी ने उपस्थित प्रबुद्धजनों को कार्यक्रम की रूपरेखा बताई।
वहीं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि भाजपा सरकार की योजनाएं जनता को सक्षम बनाने और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास हैं। कुलाधिपति इंजी. दिवाकर सिंह ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों की सराहना का उल्लेख करते हुए कहा कि इंडिया फर्स्ट नीति ने देश को नई ऊंचाई पर पहुंचाया है। भाजपा जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने बताया कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत पूरे जिले में रक्तदान, वृक्षारोपण, सेवा स्वास्थ्य शिविर और स्वच्छता अभियान संचालित हो रहे हैं। बालाघाट से आए सामाजिक कार्यकर्ता अजय मिश्रा ने उज्ज्वला योजना, फसल बीमा योजना और अन्य कल्याणकारी योजनाओं को ग्रामीण जीवन में क्रांतिकारी कदम बताया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेश जैन एवं जयदत्त झा एवं जिला महामंत्री नरेश चंद्रौल ने किया। वहीं अंत में कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन भाजपा नगर अध्यक्ष शिवा रानू राजपूत ने किया।
प्रबुद्ध जनसंवाद कार्यक्रम में दिखाई गई डॉक्यूमेंट्री फिल्म ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन के उन शुरुआती अध्यायों को भी जीवंत किया जिनमें उनकी संघर्षपूर्ण शिक्षा यात्रा प्रमुख रही। फिल्म में दर्शाया गया कि गुजरात के वडनगर में साधारण परिवार में जन्मे नरेंद्र मोदी का बचपन बेहद साधारण था। उनके पिता रेलवे स्टेशन पर चाय की दुकान चलाते थे और परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद सीमित थी। घर की तंगहाली के बावजूद बालक नरेंद्र ने शिक्षा के प्रति गहरी लगन कभी नहीं छोड़ी। डॉक्यूमेंट्री में यह भी दिखाया गया कि वे सुबह-सुबह पिता के साथ चाय की दुकान पर हाथ बंटातेए फिर स्कूल जाने से पहले घर के अन्य काम पूरे करते। सीमित साधनों के बावजूद उन्होंने सरकारी स्कूल से पढ़ाई की और पुस्तकों के प्रति विशेष रुचि दिखाई। कठिन परिश्रम के बीच भी नरेंद्र मोदी ने वाचनालय और स्थानीय पुस्तकालय में घंटे बिताए जिससे उनका दृष्टिकोण व्यापक और ज्ञानवर्धक बना। फिल्म ने यह संदेश दिया कि परिस्थितियाँ कितनी भी कठिन क्यों न हों दृढ़ संकल्प और शिक्षा के प्रति जुनून इंसान को ऊँचाइयों तक ले जा सकता है। दर्शकों ने नरेंद्र मोदी की इस प्रेरणादायक शिक्षा यात्रा को बड़े ध्यान से देखा और इसे नई पीढ़ी के लिए संघर्ष से सफलता तक की सजीव प्रेरणा बताया।