स्वच्छ नवरात्रि अभियान,पड़रिया में प्लास्टिक मुक्त पंडाल का संदेश

 

रेवांचल टाईम्स – मंडला, जिले के विकास खण्ड नारायणगंज कि ग्राम पंचायत पड़रिया उर्फ नारायणगंज में इस बार नवरात्रि पर्व केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं रहा, बल्कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का विशेष संदेश भी लेकर आया है। पंचायत, स्थानीय प्रशासन और दुर्गोत्सव समितियों ने मिलकर “स्वच्छ नवरात्रि अभियान” की शुरुआत की है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य दुर्गा पंडालों को प्लास्टिक मुक्त बनाना और स्वच्छता के प्रति समाज को जागरूक करना है।

पंचायत द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, पंडालों में सिंगल यूज़ प्लास्टिक का पूर्णतः प्रतिबंध लगाया गया है। प्रसाद वितरण के लिए केवल दोना-पत्तल और कागज के उपयोग की अनुमति दी गई है। समितियों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे पंडाल को स्वच्छ रखने में सहयोग करें और प्लास्टिक का इस्तेमाल न करें।

इस अभियान में युवाओं और महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। सभी पंडालों में स्वच्छता संबंधी पोस्टर लगाए गए और भक्तों को संदेश दिया गया कि जैसे माता दुर्गा अपनी संतान की रक्षा करती हैं, वैसे ही हमें भी अपनी धरती माँ की रक्षा करनी है।

पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि यह पहल भविष्य में भी जारी रहेगी और हर धार्मिक आयोजन को स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल बनाने का प्रयास किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.