मंडला के 7 खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय फुटबॉल चैंपियनशिप के लिए
मंडला।मंडला जिले की फुटबॉल प्रतिभाओं ने एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया है। सब जूनियर अंडर–15 वर्ष बालक राष्ट्रीय फुटबॉल चैंपियनशिप 2025 के लिए जिले के 7 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। यह प्रतियोगिता 10 से 18 नवंबर तक नारायणपुर, छत्तीसगढ़ में आयोजित की जा रही है। जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने बताया कि हाल ही में बालाघाट के वॉलीबॉल मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय सब जूनियर बालक फुटबॉल प्रतियोगिता के आधार पर चयन हुआ।
जानकारी के अनुसार, इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कुल 9 खिलाड़ियों को चयन कैंप के लिए चुना गया था। कैंप समाप्त होने के बाद अंतिम सूची में मंडला के 7 खिलाड़ी शामिल किए गए हैं। चयनित खिलाड़ियों में नेलसन बकले, एशान जैन, आलिन बघेल, नितिन बकले, अनमोल विश्वकर्मा, हरिश बघेल और साजिद बेग का नाम शामिल है।
जिला फुटबॉल संघ ने बताया कि मंडला के ये खिलाड़ी न केवल प्रदेश बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। चयनित खिलाड़ियों की इस उपलब्धि के लिए जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष पंकज उपाध्याय, जिला खेल अधिकारी विकास धुर्वे, सचिव अनिल सोनी, प्रिया नारायण, संघ सदस्य दीपक पाठक, अंशु बिवेदी, वेद प्रकाश कुशराम, पवन कुमार अग्रवाल, हेमंत दुबे, योगेश यादव, नवीन जैन, सतीश उपाध्याय, जावेद खान, अनिल जैन, आकाश बघेल, सोनू दुबे, देवेंद्र ठाकुर, मोहित सायरी, नितिन बकले, करुणा मरकाम, आशीष अहिरवार, आदित्य यादव, संतोष सिंह राजपूत, देवेंद्र सायरे और प्रधान कोच नवीन स्पोर्ट्स क्लब के समस्त सदस्य एवं खेल प्रेमियों ने चयनित खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएँ दी हैं।