किसानों की समस्याओं के समाधान हेतु भाजपा जिला अध्यक्ष ने उठाई पहल…. मुख्यमंत्री से की चर्चा, प्रभारी मंत्री ने कलेक्टर को दिए निर्देश…..

25

दैनिक रेवांचल टाइम्स सिवनी – सिवनी जिले के किसानों को पराली प्रबंधन, खाद उपलब्धता, सिंचाई और बिजली जैसी समस्याओं से राहत दिलाने के लिए भाजपा जिला अध्यक्ष मीना बिसेन ने सक्रिय पहल की है। उन्होंने जिले के अन्य पदाधिकारियों के साथ मिलकर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से दूरभाष पर चर्चा की तथा भोपाल पहुँचकर भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश जी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल एवं जिले के प्रभारी मंत्री करण सिंह वर्मा से भेंट कर किसानों की समस्याओं से अवगत कराया।
भाजपा जिला मीडिया सह प्रभारी मनोज मर्दन त्रिवेदी ने प्रेस को विज्ञप्ति में बताया है कि मुख्यमंत्री जी के भोपाल से बाहर होने के कारण दूरभाष पर बिसेन ने विस्तार से चर्चा की जिसपर मुख्यमंत्री सहित वरिष्ठ नेताओं ने किसानों की समस्याओं के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। प्रभारी मंत्री करण सिंह वर्मा ने किसानों के प्रति सहानुभूति प्रदर्शित करते हुए जिला कलेक्टर से दूरभाष पर चर्चा की तथा आवश्यक निर्देश दिये साथ ही उन्होंने इस संबंध में जिला कलेक्टर को पत्र भी भेजा है, जिसमें किसानों की समस्याओं के बिंदुवार समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।इस दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्रीराम ठाकुर, जिला महामंत्री गजानंद पंचेश्वर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
भाजपा जिला अध्यक्ष मीना बिसेन द्वारा मुख्यमंत्री कार्यालय एवं भाजपा नेताओं को भेजे गए पत्र में जो प्रमुख विषय शामिल किये गये वे इस प्रकार है
पराली प्रबंधन – किसानों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए जा रहे हैं, अत: पर्याप्त सुविधाएँ उपलब्ध होने तक नियमों को स्थगित या शिथिल रखा जाए।
खाद उपलब्धता – डी.ए.पी. और यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
बिजली आपूर्ति – बी फसल की बुवाई व सिंचाई के लिए निरंतर 10 घंटे बिजली आपूर्ति की जाए।सिंचाई सुविधा – भीमगढ़ बांध के टेल क्षेत्र के किसानों को पर्याप्त पानी मिले तथा जिले के सभी डेमों की नहरों का सीमेंटिकरण कराया जाए।खाद वितरण केंद्र – डूंडासिवनी (मानेंगांव से कान्हीवाड़ा मार्ग) के बीच एक नया खाद वितरण केंद्र प्रारंभ किया जाए।

फसल सर्वे -अतिवृष्टि से प्रभावित धान एवं मक्का की फसलों का सर्वे कर किसानों को मुआवजा दिया जाए….

प्रभारी मंत्री करण सिंह वर्मा, राजस्व मंत्री मध्यप्रदेश शासन ने जिला कलेक्टर को लिखे पत्र में कहा कि है कि मीना बिसेन, भाजपा जिलाध्यक्ष सिवनी, जिला महामंत्री एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा सिवनी जिले के किसानों की समस्याओं पर ज्ञापन प्रस्तुत किया गया है। संलग्न ज्ञापन में उल्लिखित बिंदुओं का परीक्षण कराते हुए संबंधितों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएँ।”भाजपा जिला अध्यक्ष मीना बिसेन ने कहा है कि पार्टी किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री और प्रभारी मंत्री स्तर पर हुई इस चर्चा से जिले के किसानों को शीघ्र आवश्यक राहत प्राप्त होगी ।

Leave A Reply

Your email address will not be published.