पदीय दायित्वों में लापरवाही पर ग्राम पंचायत सचिव निलंबित
रेवांचल टाइम्स मंडला – घुघरी की ग्राम पंचायत पाटन के ग्राम पंचायत सचिव श्री मानसिंह उईके को पदीय दायित्वों में लापरवाही बरतने एवं शासकीय निर्देशों की अवहेलना करने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा जारी निलंबन आदेश अनुसार श्री उईके का निलंबन अवधि में मुख्यालय जनपद पंचायत कार्यालय घुघरी नियत किया गया है।
निलंबन आदेश के अनुसार जनपद पंचायत घुघरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा जिला पंचायत को श्री मानसिंह उईके के संबंध में पत्र के माध्यम से पदीय दायित्वों के प्रति लापरवाही बरतने एवं शासन की योजनाओं समग्र आधार ईकेवायसी, पीएम आवास आधार ईकेवायसी में निराशाजनक प्रगति तथा जनमन आवास हितग्राहियों को किश्तें जारी नहीं किये जाने का प्रतिवेदन प्रेषित किया गया था। उक्त के आधार पर संबंधित को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया। जिसका प्रति उत्तर संतोषजनक और समाधान कारक नहीं पाया गया।
इससे स्पष्ट है कि सचिव मानसिंह उईके ने पदीय दायित्वों के प्रति लापरवाही, शासकीय निर्देशों की अवहेलना की है। यह आचरण म. प्र. पंचायत सेवा (आचरण) नियम 1998 के नियम (1) (2) (3) का स्पष्ट उल्लंघन है।