छिंदवाड़ा की ‘दंगल गर्ल’ ने दिखाया दम! PG कॉलेज की दुर्गा ने कुश्ती चैंपियनशिप में जीता सिल्वर मेडल, नाम किया रोशन

​उज्जैन में आयोजित मध्य प्रदेश चैंपियनशिप में 55 KG वर्ग में शानदार प्रदर्शन; अब यूनिवर्सिटी स्तर पर पदक लाने की तैयारी

रेवांचल टाइम्स​ छिंदवाड़ाजिले की मिट्टी में पली-बढ़ी प्रतिभा, स्नातकोत्तर (पीजी) महाविद्यालय की पहलवान दुर्गा सरेयाम, ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और दमदार दांव-पेचों से एक बार फिर छिंदवाड़ा का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। उज्जैन में हाल ही में संपन्न हुई मध्य प्रदेश कुश्ती चैंपियनशिप में, दुर्गा ने 55 किलोग्राम भार वर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल (रजत पदक) अपने नाम किया।
​ भोपाल, ग्वालियर और रीवा की पहलवानों को चटाई धूल

​पीजी कॉलेज के कुश्ती कोच सोनू दुबे ने इस बड़ी उपलब्धि की जानकारी देते हुए बताया कि यह चैंपियनशिप प्रदेश के 12 विश्वविद्यालयों के बीच एक कड़ा मुकाबला थी। राजा शंकरशाह यूनिवर्सिटी का प्रतिनिधित्व कर रही दुर्गा सरेयाम ने अपने जबरदस्त कौशल से, भोपाल, ग्वालियर और रीवा की दिग्गज पहलवानों को हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की और अंततः सिल्वर मेडल जीतकर छिंदवाड़ा का नाम रोशन किया।
​यह जीत न केवल दुर्गा की कड़ी मेहनत का परिणाम है, बल्कि यह जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए एक प्रेरणास्रोत भी है।
​*मेडल जीतने पर जश्न का माहौल*
​दुर्गा की इस शानदार सफलता से कॉलेज प्रशासन और पूरे खेल जगत में खुशी की लहर दौड़ गई है। इस अवसर पर, बधाई देने वालों का ताँता लगा हुआ है।
​पीजी कॉलेज के खेल अधिकारी सुशील पटवा, प्राचार्य वाय. के. शर्मा, रवि दीक्षित, और कोच सोनू दुबे ने दुर्गा को शुभकामनाएं दीं।
​एमेच्योर कुश्ती संघ के संरक्षक एड. देवेंद्र वर्मा, सचिव मयूर यादव, गोविंद युवनति, और संघ के सभी पदाधिकारियों ने भी इस ‘दंगल गर्ल’ को बधाई दी।
​सभी ने उम्मीद जताई है कि दुर्गा अब यूनिवर्सिटी स्तर पर भी ऐसे ही मेडल जीतकर लाएंगी और छिंदवाड़ा का नाम राष्ट्रीय पटल पर चमकाएंगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.