रेवांचल टाइम्स, जबलपुर।गोराबाज़ार क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय तनाव का माहौल बन गया जब एक युवक की मौत के बाद नाराज़ परिजनों ने शव को मुख्य सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। करीब डेढ़ घंटे तक चला यह विरोध प्रदर्शन क्षेत्रीय यातायात को पूरी तरह बाधित कर गया।
नवरात्रि के दौरान बिजली का पोल गिरने से घायल हुआ था युवक
जानकारी के अनुसार मृतक युवक नवरात्रि के दौरान उस समय गंभीर रूप से घायल हो गया था जब अचानक बिजली का एक पोल उसके ऊपर गिर पड़ा। घटना के बाद युवक का इलाज लगातार जारी था, लेकिन उपचार के दौरान आज उसकी मौत हो गई। परिजन इस हादसे के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।
शव रखकर किया प्रदर्शन, उठा भारी जाम
मौत की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोगों ने गोराबाज़ार मुख्य सड़क पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। अचानक सड़क जाम हो जाने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुँची
घटना की सूचना मिलते ही गोराबाज़ार थाने की पुलिस, एसडीएम और नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे। परिजनों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवज़ा और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। अधिकारियों ने परिजनों से बात कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
आश्वासन के बाद जाम खुला, शव को एंबुलेंस से भेजा गया
लगभग डेढ़ घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस और प्रशासन की समझाइश पर परिजन शांत हुए और शव को सड़क से हटाकर एंबुलेंस में रखा गया। इसके बाद जाम खोल दिया गया और यातायात बहाल हो गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बिजली विभाग समय पर मरम्मत और निरीक्षण करता तो ऐसी दुर्घटना नहीं होती। परिजन अब भी न्याय की मांग कर रहे हैं, वहीं प्रशासन ने जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया है।