छिंदवाड़ा में IAS अधिकारी के विवादित बयान पर भयंकर ‘उबाल’,

ब्रह्म समाज ने की कड़ी निंदा; राष्ट्रपति-PM से कठोर कार्रवाई की मांग

रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा मध्यप्रदेश के चर्चित आईएएस अधिकारी संतोष वर्मा के एक अत्यंत विवादास्पद बयान ने छिंदवाड़ा जिले में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। अजाक्स के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद एक सार्वजनिक कार्यक्रम में ब्राह्मण समाज की बहन-बेटियों पर की गई उनकी कथित अमर्यादित और आपत्तिजनक टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल रहा है, जिसने पूरे समाज की भावनाओं को बुरी तरह आहत किया है।
​इस गंभीर मामले पर संज्ञान लेते हुए ब्रह्म समाज कल्याण मंडल, छिंदवाड़ा खुलकर विरोध में उतर आया है। समाज ने इस कृत्य को असंवैधानिक, लोकसेवक की गरिमा के विपरीत और समाज को अपमानित करने वाला करार दिया है।
आपात बैठक में निंदा प्रस्ताव पारित, FIR की तैयारी
​मामले की गंभीरता को देखते हुए ब्रह्म समाज कल्याण मंडल की एक आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज के वरिष्ठ नागरिक, पदाधिकारी, और सदस्यों ने सर्वसम्मति से संतोष वर्मा के बयान की घोर निंदा करते हुए निंदा प्रस्ताव पारित किया।
​मंडल के अध्यक्ष पंडित विजय पांडे ने सख्त लहजे में कहा कि एक प्रशासनिक अधिकारी से निष्पक्षता और सभी समाजों के प्रति सम्मान की अपेक्षा की जाती है, न कि जाति विशेष के प्रति नफरत फैलाने वाले वक्तव्यों की।
​बैठक में यह भी फैसला लिया गया कि अधिकारी के खिलाफ केवल विरोध दर्ज कराना काफी नहीं है, बल्कि संवैधानिक स्तर पर सख्त कार्रवाई के लिए आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री तक पहुँचेगी आवाज, मांगा तत्काल निलंबन
​ब्रह्म समाज ने निर्णय लिया है कि इस मामले को देश के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाया जाएगा।
​गुरुवार को समाज के सभी पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुँचेंगे।
​एसपी के माध्यम से राष्ट्रपति कार्यालय, प्रधानमंत्री कार्यालय, राज्यपाल कार्यालय (म.प्र.) और मुख्यमंत्री कार्यालय (म.प्र.) के नाम एक ज्ञापन सौंपा जाएगा।
​ज्ञापन में संतोष वर्मा के विरुद्ध तत्काल कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई और सेवा से बर्खास्तगी की मांग की जाएगी। समाज की मुख्य मांग है कि ऐसे गैर-जिम्मेदाराना बयान देने वाले अधिकारी पर तुरंत एक्शन हो, ताकि भविष्य में कोई भी जिम्मेदार पद पर बैठा व्यक्ति इस प्रकार का सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का साहस न करे।
​महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष विभूति दुबे और युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष रोहित बंटी द्विवेदी सहित कई प्रमुख सदस्य बैठक में उपस्थित रहे।
​”यह महिलाओं के सम्मान का प्रश्न है”- विप्र समाज से एकजुट होने की अपील
​ब्रह्म समाज कल्याण मंडल ने छिंदवाड़ा सहित आसपास के समस्त विप्रजनों (ब्राह्मण समाज) से अपील की है कि वे इस विरोध प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों।
​मंडल का कहना है, “यह केवल एक समाज का नहीं, बल्कि पूरे संविधान और देश की नारियों के सामाजिक मर्यादा का प्रश्न है। यह सामाजिक समरसता को तोड़ने वाला कृत्य है, जिसका पुरजोर विरोध करना आवश्यक है।”
​वायरल वीडियो में एक जिम्मेदार प्रशासनिक पद पर आसीन अधिकारी का यह अशोभनीय और आपत्तिजनक आचरण समाज के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताया जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.