युवती पर चाकू से वार , आरोपी फरार,तलाश में जुटी पुलिस
घायल युवती का बजाग स्वास्थ्य केंद्र में उपचार जारी
रेवांचल टाइम्स बजाग – थाना बजाग क्षेत्र के मानगढ़ गांव में एक युवती पर चाकू से हमला किए जाने की गंभीर घटना सामने आई है। घटना बीते दिनों शाम लगभग 7 बजे की बताई जा रही है, जब युवती (22 वर्ष) , निवासी मानगढ़, किसी कार्य से घर के बाहर निकली थीं।
इसी दौरान अंधेरा होने का फायदा उठाते हुए एक व्यक्ति ने अचानक पीछे से आकर युवती का मुंह दबाया और उसे सुनसान स्थान की ओर ले गया। आरोपी ने वहां सिर, गर्दन और हाथ पर चाकू से कई वार कर दिए, जिससे युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
चीख-पुकार सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई, लेकिन तब तक आरोपी मौका पाकर फरार हो चुका था। स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस को सूचना दी और घायल युवती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बजाग पहुंचाया, जहाँ उसका प्राथमिक उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही बजाग थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया और आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।