मंडला पुलिस का सख्त यातायात अभियान—1068 वाहन चालकों पर कार्रवाई, ₹4,58,700 का जुर्माना

 

रेवांचल टाइम्स – मंडला, पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में मंडला जिले में पुलिस अधीक्षक मंडला रजत सकलेचा के नेतृत्व में मंडला पुलिस द्वारा दिनांक 26 नवंबर 2025 से 10 दिसंबर 2025 तक विशेष यातायात चेकिंग एवं जागरूकता अभियान संचालित किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा दुर्घटनाओं से होने वाली मृत्यु-दर को न्यूनतम स्तर पर लाना था।

अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में यातायात पुलिस एवं स्थानीय थाना प्रभारियों द्वारा सख्ती से चेकिंग की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 1068 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई कर ₹4,58,700 का जुर्माना वसूला गया। प्रमुख उल्लंघनों में बिना बीमा वाहन चलाना, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाना, तेज गति से वाहन चलाना, तथा अमानक नंबर प्लेट का उपयोग शामिल था।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों द्वारा ऑटो यूनियन, बस यूनियन एवं स्थानीय नागरिकों को यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक किया गया। वाहन चालकों को हेलमेट एवं सीटबेल्ट के अनिवार्य उपयोग, ओवरस्पीडिंग से बचने, तथा वाहन से संबंधित सभी दस्तावेज—बीमा, पंजीयन, ड्राइविंग लाइसेंस एवं परमिट—दुरुस्त रखे जाने हेतु निर्देशित किया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.