विश्व ध्यान दिवस के उपलक्ष्य में मंडला पुलिस एवं हार्टफुलनेस संस्था द्वारा तीन दिवसीय ध्यान शिविर का शुभारंभ
रेवांचल टाइम्स – मंडला, विश्व ध्यान दिवस के अवसर पर पुलिस कर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन एवं सकारात्मक जीवन शैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मंडला रजत सकलेचा के विशेष प्रयास से हार्टफुलनेस संस्था एवं पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वाधान में तीन दिवसीय ध्यान शिविर का शुभारंभ आज दिनांक 19 दिसंबर 2025 को पुलिस लाइन स्थित सामुदायिक भवन, मंडला में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडला शिवकुमार वर्मा द्वारा हार्टफुलनेस संस्था के प्रभारी गणों का स्वागत किया गया तथा ध्यान शिविर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि ध्यान से मानसिक शांति, कार्य के प्रति एकाग्रता एवं तनावमुक्त जीवन शैली विकसित होती है, जो पुलिस जैसे चुनौतीपूर्ण दायित्वों के निर्वहन में अत्यंत सहायक है।
इस अवसर पर डीएसपी (महिला सुरक्षा) सतीश चतुर्वेदी, रक्षित निरीक्षक सुनील नागवंशी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। ध्यान शिविर में प्रशिक्षक देवेंद्र राजपूत एवं अनिल धुर्वे द्वारा ध्यान, आत्मचिंतन एवं मानसिक संतुलन से संबंधित अभ्यास कराए जा रहे हैं।
हार्टफुलनेस संस्था की ओर से केंद्र प्रभारी श्रीमती पूर्वा धर्माधिकारी, दिनेश कुमार ओझा, श्रीमती उमा ओझा एवं रोहित पांडे की उपस्थिति रही।
उक्त तीन दिवसीय ध्यान शिविर का समापन दिनांक 21 दिसंबर 2025 को विश्व ध्यान दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड, मंडला में किया जाएगा।