भाजपा कैडर बेस तो कांग्रेस परिवार बेस पार्टी: भगवान सिंह परमार

छिंदवाड़ा आगमन पर अजा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष का भव्य स्वागत, जिला भाजपा कार्यालय में बैठक को किया संबोधित
बोले- कांग्रेस ‘काठ की हांडी’ है, जो दोबारा नहीं चढ़ेगी; बाबा साहब का वास्तविक सम्मान भाजपा ने किया
*रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा*अनुसूचित जाति मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष भगवान सिंह परमार रविवार को अपने प्रथम प्रवास पर छिंदवाड़ा पहुंचे। शहर में प्रवेश करते ही जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने उनका आतिशबाजी और पुष्पहारों से भव्य स्वागत किया। जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित विशेष बैठक को संबोधित करते हुए परमार ने कांग्रेस पर तीखे प्रहार किए और भाजपा की रीति-नीति पर प्रकाश डाला।
भाजपा में अंत्योदय और बाबा साहब का सम्मान
बैठक का शुभारंभ भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्रों पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भगवान सिंह परमार ने कहा, “भारतीय जनता पार्टी अंत्योदय की विचारधारा पर आधारित कैडर बेस पार्टी है। यही कारण है कि मुझ जैसे सामान्य कार्यकर्ता को प्रदेश अध्यक्ष जैसी जिम्मेदारी दी गई है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि बाबा साहब को भारत रत्न दिलाने की पहली शर्त भाजपा ने ही रखी थी, जबकि कांग्रेस ने हमेशा उन्हें अपमानित करने का काम किया।
*कांग्रेस पर साधा निशाना*
कांग्रेस की वर्तमान राजनीति पर कटाक्ष करते हुए, परमार ने कहा, “कांग्रेस काठ की हांडी है, जो केवल एक बार ही चढ़ती है। अब कांग्रेस की वापसी का कोई रास्ता नहीं बचा है।” उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस के लोग हाथ में संविधान की प्रति लेकर केवल दिखावा कर रहे हैं, जबकि हकीकत में उन्होंने बाबा साहब को दो बार चुनाव हरवाकर उनके योगदान का अनादर किया था।
*अजा मोर्चा’ चुनाव की दिशा बदलने में सक्षम शेषराव यादव*
भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने बैठक में कहा कि अनुसूचित जाति मोर्चा भाजपा का सबसे शक्तिशाली अंग है, जो चुनाव की दशा और दिशा बदलने की क्षमता रखता है। वहीं, अजा मोर्चा जिलाध्यक्ष श्रीमती ज्योति डेहरिया ने कहा कि भाजपा बाबा साहब के आदर्शों पर चलकर समानता और समरसता के साथ कार्य कर रही है।
बैठक में ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर जिला महामंत्री विजय पांडे, पूर्व विधायक ताराचंद बावरिया, नत्थनशाह कवरेती, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष संजय पटेल, अजा मोर्चा महामंत्री रूपेश मानेराव, मनोज मंडराह, मनोज चौरे, जी.एस. पाटिलकर, मिथुन वंशकार सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन हेमंत चौहान व जगदीश डेहरिया ने किया तथा आभार प्रदर्शन लोकेश डेहरिया द्वारा किया गया।