सतीश गोंडाने बने भारतीय बौद्ध महासभा छिंदवाड़ा के नए जिलाध्यक्ष; समाज में हर्ष की लहर
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा|बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा स्थापित देश की प्रतिष्ठित संस्था ‘भारतीय बौद्ध महासभा’ (दि बुद्धिस्ट सोसायटी ऑफ इंडिया) के छिंदवाड़ा जिला संगठन में बड़े फेरबदल के साथ नई नियुक्तियां की गई हैं। प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार, सतीश गोंडाने को छिंदवाड़ा का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
नई कार्यकारिणी का हुआ विस्तार
संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए जिलाध्यक्ष के साथ-साथ अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भी नियुक्तियां की गई हैं
कार्यकारी जिलाध्यक्ष: सुभाष नागले
जिला महासचिव: महेंद्र सोमकुंवर
जिला कोषाध्यक्ष: मयंक गजभिए
जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने का लक्ष्य
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष श्री सतीश गोंडाने ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि संगठन में उन लोगों को प्रमुखता दी जाएगी जो सामाजिक सरोकारों से जुड़े हैं और सक्रिय हैं। उनका मुख्य उद्देश्य समाज की सभी इकाइयों को एक मंच पर लाकर शैक्षणिक, सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यों को गति देना है।
”हमारा प्रयास है कि जिले के समस्त सामाजिक संगठन आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक बाबा साहब के विचारों को पहुँचाया जा सके।”सतीश गोंडाने
14 अप्रैल को मनेगा भव्य जन्मोत्सव
कार्यभार संभालते ही नई टीम ने आगामी 13 और 14 अप्रैल को बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती जिला स्तर पर भव्य रूप से मनाने का निर्णय लिया है। इस अवसर पर विचार गोष्ठी, भव्य शोभायात्रा और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
बधाइयों का तांता
इस नियुक्ति पर छिंदवाड़ा सहित नवनिर्मित जिला पांढुर्णा के बौद्ध समाज, विभिन्न कर्मचारी संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर की है। पदाधिकारियों को उज्ज्वल भविष्य और सफल कार्यकाल के लिए ढेरों शुभकामनाएं प्राप्त हो रही हैं।