विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध करने वाला ‘सर्वहितकारी’ बजट: शेषराव यादव

पीजी कॉलेज छिंदवाड़ा में भाजपा का ‘युवा संवाद’ संपन्न, बजट की बारीकियों पर हुई चर्चा
15 हजार स्कूलों में बनेंगी ‘कंटेंट क्रिएटर लैब’, युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के द्वार
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
भारतीय जनता पार्टी द्वारा शुक्रवार को स्थानीय पीजी कॉलेज में केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को धरातल पर उतारने वाला है। उन्होंने बजट को प्रदेश के आर्थिक, औद्योगिक और सामाजिक विकास के लिए एक ऐतिहासिक अवसर बताया।
डिजिटल क्रांति और युवा सशक्तिकरण
शेषराव यादव ने बजट की प्रमुख घोषणाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 15 हजार माध्यमिक शालाओं में कंटेंट क्रिएटर लैब की स्थापना और आईआईएम के सहयोग से 10 हजार टूरिस्ट गाइड तैयार करने का निर्णय युवाओं को सीधे स्वरोजगार से जोड़ेगा।
‘खेलो इंडिया’ के माध्यम से खेल प्रतिभाओं को भी नई उड़ान मिलेगी।
सुरक्षा और विरासत का संगम
जिलाध्यक्ष ने रक्षा बजट में 15 प्रतिशत की वृद्धि को देश की सीमाओं की सुरक्षा और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लिए मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर राज्यों में बौद्ध स्थलों का संरक्षण और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना ‘विरासत भी, विकास भी’ के मंत्र को साकार करता है।
गरीब और मध्यम वर्ग को बड़ी राहत
संवाद के दौरान चर्चा की गई कि कैंसर की 17 जीवनरक्षक दवाओं पर कस्टम ड्यूटी शून्य करना गरीबों के लिए बड़ी राहत है। साथ ही खादी, हथकरघा और ‘एक जिला एक उत्पाद’ (ODOP) को बढ़ावा देकर ग्राम स्वराज की परिकल्पना को मजबूत किया गया है।
प्रमुख वक्ताओं के विचार
विजय पाण्डेय (जिला महामंत्री): “यह बजट केवल वित्तीय दस्तावेज नहीं, बल्कि 2047 के विकसित भारत का विजन डॉक्यूमेंट है। इसमें गरीब, युवा, नारी शक्ति और अन्नदाता (GYAN) के कल्याण का पूर्ण ध्यान रखा गया है।”
योगेंद्र राणा (भाजयुमो जिलाध्यक्ष): “मध्यप्रदेश के लिए यह बजट विकास के नए द्वार खोलेगा। MSME को समर्थन और निवेश-आकर्षक नीतियों से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई मिलेगी।”
कार्यक्रम में इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति:
संवाद कार्यक्रम में जिला महामंत्री कमलेश उइके, अजय सक्सेना, भारत घई, विजेंद्र चौहान, राकेश पहाड़े, कुबेर सूर्यवंशी, अंकित जैन, शिवा सरसवार, पीयूष खुराना सहित बड़ी संख्या में युवा और भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।