नगर निगम का ‘हथौड़ा’ चला: नागपुर रोड से हटाया अतिक्रमण, मौके पर काटा चालान

जितेन्द्र अलबेला
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा|शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए नगर निगम इन दिनों एक्शन मोड में है।
बुधवार को नगर निगम आयुक्त सी.पी. राय के कुशल निर्देशन में निगम की टीम ने नागपुर रोड स्थित इनर ग्राउंड के सामने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अतिक्रमण को जमींदोज कर दिया।
सड़कें हुईं चौड़ी, चालानी कार्रवाई से हड़कंप
लंबे समय से इनर ग्राउंड के सामने सड़क किनारे अस्थाई दुकानों और कब्जों के कारण आवाजाही में परेशानी हो रही थी। निगम की टीम ने न केवल अतिक्रमण हटाया, बल्कि नियमों का उल्लंघन करने वाले संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध स्पॉट फाइन (चालानी कार्रवाई) भी की। निगम की इस सख्ती को देख अन्य अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।
CM हेल्पलाइन की शिकायत का हुआ निराकरण
इस कार्रवाई के माध्यम से नगर निगम ने एल-2 स्तर की सीएम हेल्पलाइन की एक महत्वपूर्ण शिकायत का भी संतुष्टिपूर्ण निराकरण किया। शिकायतकर्ता की समस्या का मौके पर समाधान कर प्रकरण को क्लोज कराया गया, जिससे शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में निगम की सक्रियता स्पष्ट नजर आई।
मैदान में खुद डटे हैं आयुक्त
शहरवासी निगम की इस कार्यप्रणाली की सराहना कर रहे हैं। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न हिस्सों में लगातार कार्रवाई की जा रही है। खास बात यह है कि कई महत्वपूर्ण मौकों पर आयुक्त सी.पी. राय स्वयं मौके पर उपस्थित रहकर टीम का उत्साहवर्धन कर रहे हैं और पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित कर रहे हैं।
”शहर की सुंदरता और सुगम यातायात हमारी प्राथमिकता है। अतिक्रमण के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।” नगर निगम प्रशासन