नागरिकों को निशाना बना रहे आवारा कुत्ते जानवरों पर भी कर रहे हमले, प्रशासन ध्यान दें
दैनिक रेवांचल टाईम्स – मंडला। नगर में इन दिनों आवारा कुत्तों की संख्या में बेहिसाब बढ़ोत्तरी हुई है। जिससे नागरिक बुरी तरह भयभीत हैं। कुत्तो का आतंक इस कदर है कि वे कब किस पर हमला कर बैठें कोई भरोसा नहीं। इनके चलते बच्चे घर से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। बड़े और बुजुर्गो को भी रात में निकलने में सावधानी बरतनी पड़ रही है। शहर में ये कुत्ते झुण्ड में घूमते हुये किसी भी गली में देखे जा सकते हैं। ये आवारा कुत्ते जानवरों पर भी हमला करने से बाज नहीं आते। बीच सड़क में झुण्ड के रूप में खडे रहने से जानवरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। आवारा कुत्तों का आतंक शहर में एक या दो क्षेत्र में नहीं बल्कि सम्पूर्ण नगर और उपनगरीय क्षेत्र तक में है। कुत्तों की संख्या बढ़ने का एक कारण यह भी है कि ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले कुत्ते यहां पर होटलों आदि की बची खुची स्वादिष्टï सामग्री खाकर यहीं के होकर रह जाते हैं। जिससे इनकी संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ रही है। संबंधित विभाग से अपेक्षा की गई है कि नगर मे बढ़ रहे आवारा कुत्तों पर शिकंजा कसा जावे ताकि लोगों को असमय होने वाली परेशानी से निजात मिल सके।