20 करोड़ का टैक्स डकारने वाले बस संचालकों पर एक्शन, दो बसें जब्त कर वसूला भारी जुर्माना

 

दैनिक रेवाँचल टाईम्स – डिंडोरी। जिले में लंबे समय से टैक्स चोरी कर रहे बस संचालकों के खिलाफ बुधवार को प्रशासन ने बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के सख्त निर्देश के बाद हरकत में आई संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख बस स्टैंडों और तिराहों पर घेराबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया। इस कार्यवाही के दौरान टीम ने दो यात्री बसों को मौके पर ही जब्त कर आरटीओ दफ्तर भेज दिया, वहीं आठ अन्य बसों से कुल 1 लाख 60 हजार 473 रुपए का बकाया टैक्स वसूल कर सरकारी खजाने में जमा कराया गया है।

 

अपर कलेक्टर जे.पी. यादव ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में करीब 94 ऐसी बसें चिन्हित की गई हैं, जिन पर पिछले कई वर्षों से लगभग 20 करोड़ रुपए का टैक्स बकाया है। बार-बार नोटिस दिए जाने के बावजूद बस संचालकों द्वारा राशि जमा नहीं करने पर कलेक्टर के आदेश पर विशेष टीम गठित की गई थी। बुधवार को इस टीम ने मुख्य बस स्टैंड, मंडला बस स्टैंड और समनापुर तिराहे पर अचानक दबिश दी। इस दौरान बस क्रमांक MP 52 P 0112 और CG 10 G 0129 को टैक्स संबंधी दस्तावेज न होने पर तत्काल जब्त कर लिया गया।

 

वहीं प्रशासन की इस अचानक हुई कार्यवाही से बस संचालकों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि बकाया टैक्स वसूली के लिए इस तरह की छापामार कार्यवाही अब लगातार जारी रहेगी और बिना टैक्स चुकाए सड़कों पर वाहन चलाने वालों पर कड़ी कानूनी गाज गिरेगी। इस पूरी मुहिम में आरटीओ दीपक भलावी, एसडीएम भारती मरावी, तहसीलदार आर.पी. मार्को, सिटी कोतवाली निरीक्षक दुर्गा प्रसाद नगपुरे, यातायात निरीक्षक सुभाष उईके और नायब तहसीलदार शशांक शिंदे सहित भारी पुलिस अमला सक्रिय रहा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.