कटारे मोहगांव में भव्य हनुमान जन्मोत्सव कार्यक्रम सम्पन्न, ग्रामवासियों ने बढ़-चढ़कर लिया भाग

 

दैनिक रेवांचल टाईम्स – नैनपुर (मंडला)। विकासखंड नैनपुर के अंतर्गत ग्राम कटारे मोहगांव में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी बजरंग समिति द्वारा हनुमान जन्मोत्सव का भव्य आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। ग्राम के खेरमाई स्थित मंदिर में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।

कार्यक्रम की शुरुआत 1 अप्रैल से ही रात्रि कीर्तन के साथ हो गई थी, जिसमें भक्तजन देर रात तक भजन-कीर्तन में लीन रहे। वहीं 2 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर प्रातःकाल भगवान बजरंगबली की विधिवत वैदिक पूजा-अर्चना आचार्य पंडित निशांत वैष्णव द्वारा सम्पन्न कराई गई।

इसके उपरांत समिति के समस्त सदस्यों द्वारा भगवान हनुमान जी को चोला अर्पित किया गया तथा हवन-पूजन का आयोजन किया गया। धार्मिक अनुष्ठानों के पश्चात समस्त ग्रामवासियों के लिए मिष्ठान एवं फल वितरण के साथ भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

कार्यक्रम के मुख्य आयोजक शिवम कटारे एवं शिल्पकार अजय मरावी ने जानकारी देते हुए बताया कि आने वाले वर्षों में भी हनुमान जी की कृपा से कटारे मोहगांव में और भी भव्य धार्मिक आयोजनों, विशेषकर हनुमान कथा का आयोजन करने का प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर ग्राम के समस्त नागरिकों ने उपस्थित होकर हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.