नगर पालिका टाउन हॉल में पहली बार पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता का आयोजन

युवाओं में दिखा जोश, जिम प्रेमियों ने बढ़-चढक़र लिया हिस्सा

रेवांचल टाईम्स – मण्डला नगर पालिका टाउन हॉल में एक विशेष आयोजन के तहत पहली बार पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में जिले भर के जिम से जुड़े युवाओं ने पूरे जोश और ऊर्जा के साथ भाग लिया। कार्यक्रम में युवाओं का उत्साह देखने लायक था जो स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और नशा मुक्त भारत के संदेश को लेकर खासा प्रेरित नजर आए। कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा, नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, कोतवाली थाना प्रभारी शफीक खान विशेष रूप से उपस्थित रहे। वही थाना प्रभारी ने नशा से दूरी है जरूरी अभियान के तहत युवाओं को नशा से दूर रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि शारीरिक मजबूती के साथ मानसिक मजबूती भी जरूरी है और इसके लिए नशा से दूरी बहुत आवश्यक है। युवा अगर अपने स्वास्थ्य को लेकर सजग हो जाएं तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है। बिग मसल्स जिम प्रतियोगिता के आयोजक दीपेश पुषाम, सोम सुरेन्द्र कुमार सोनी ने बताया कि यह प्रतियोगिता सिर्फ खेल नहीं बल्कि एक संदेश है युवाओं को व्यसनमुक्त जीवन की ओर प्रेरित करने का। उन्होंने कहा हम चाहते हैं कि युवा अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाएं और नशे की बजाय फिटनेस को अपनाएं। इसी सोच के साथ हमने इस कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की थी। इंटरनेशनल बॉडी बिल्डर सूरज सिंह राजपूत ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान युवाओं ने डेडलिफ्ट पावर लिफ्टिंग जैसी श्रेणियों में अपनी ताकत दिखाई। अलग-अलग भार वर्गों में प्रतियोगियों ने 50 किलोग्राम से लेकर 250 किलोग्राम तक वजन उठाया, जिसे देखकर दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। कुछ प्रतिभागियों ने अपनी व्यक्तिगत श्रेष्ठतम क्षमता को पार करते हुए बेहतरीन प्रदर्शन किया। विजेताओं को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्रों से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को प्रोटीन डाइट, फिटनेस ट्रेनिंग और जीवनशैली सुधार से जुड़ी जानकारियां भी दी गईं। यह प्रतियोगिता न केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन थी, बल्कि एक सामाजिक संदेश भी था कि युवा नशे से दूर रहें और अपनी ऊर्जा को सकारात्मक कार्यों में लगाएं। पहली बार आयोजित यह कार्यक्रम इतना सफल रहा कि आयोजकों ने इसे हर वर्ष आयोजित करने की बात कही है। मंडला जैसे छोटे शहर में इस तरह की पहल युवाओं के भविष्य और समाज की दिशा बदलने का संकेत है। वही सागर तिवारी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान बालाघाट, मंडला, नैनपुर, बिछिया, बम्हनी, बैहर, कवर्धा छत्तीसगढ़ सहित मध्यप्रदेश छत्तीसगढ़ के अनेक जिलों से खिलाड़ी शामिल हुए। वही कार्यक्रम के समापन में अमन अग्रवाल ने सभी मुख्य अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.