आज़ाद अध्यापक शिक्षक संघ ब्लॉक शाखा निवास की बैठक संपन्न

रेवांचल टाइम्स मण्डला – 2 सितम्बर 2025 को स्थानीय विद्यालय प्रांगण में बैठक सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता संघ के जिला अध्यक्ष संतोष सोनी ने की। कार्यक्रम में जिला से राजेश बाजपेई एवं वरकड़े की गरिमामयी उपस्थिति रही। बैठक का मुख्य उद्देश्य ब्लॉक के शिक्षकों द्वारा समस्याओं को चिन्हित कर उनके शीघ्र समाधान हेतु रणनीति तैयार करना रहा।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शिक्षकों की समस्याओं को लेकर संघ आगामी समय में ठोस आंदोलनात्मक कदम उठाएगा। इस अवसर पर कई महत्वपूर्ण माँगों को विस्तार से रखा गया।
सबसे प्रमुख माँग यह रही कि प्रत्येक माह की निश्चित तिथि को शिक्षकों का वेतन भुगतान किया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक असुरक्षा और असुविधा का सामना न करना पड़े। इसी क्रम में संघ ने यह भी मांग की कि महँगाई भत्ता (डी.ए.) की किश्तें, जैसे 42 प्रतिशत से 46 प्रतिशत, 46 प्रतिशत से 50 प्रतिशत तथा 50 प्रतिशत से 55 प्रतिशत तक की वृद्धि का भुगतान शीघ्र किया जाए।
बैठक में उन शिक्षकों की समस्याओं पर भी जोर दिया गया, जिन्होंने त्रिवर्षीय उन्नति प्राप्त की है। उनके वेतन निर्धारण और सर्विस बुक के सत्यापन का कार्य संयुक्त संचालक जबलपुर से शीघ्र कराने की माँग उठाई गई। इसी प्रकार, प्रथम क्रमोन्नति और द्वितीय क्रमोन्नति प्राप्त करने वाले शिक्षकों को बकाया एरियर राशि का भुगतान करने की भी अपील की गई।
संघ ने 12 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले शिक्षकों को भी समय पर त्रिवर्षीय लाभ देकर उनका वेतन निर्धारण करने की आवश्यकता जताई। साथ ही, एच.आर.ए. संबंधी विसंगतियों के निराकरण और वरिष्ठता सूची में हुई गड़बड़ियों की जाँच कर संशोधित सूची जारी करने की मांग की गई।
बैठक में सबसे अहम मुद्दा ओल्ड पेंशन योजना का रहा। शिक्षकों ने स्पष्ट कहा कि नई पेंशन योजना शिक्षकों के भविष्य के लिए लाभकारी नहीं है। अतः पुरानी पेंशन व्यवस्था को बहाल करने के लिए ठोस रणनीति तैयार की गई। इस संदर्भ में आगामी जिला स्तरीय कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर अपनी एकजुटता प्रदर्शित करने का संकल्प लिया गया।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि शिक्षकों की समस्याओं को लेकर विकासखंड शिक्षा अधिकारी से भी ज्ञापन के माध्यम से शीघ्र कार्रवाई की माँग की जाएगी। यदि समस्याओं का समय पर निराकरण नहीं हुआ, तो चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
बैठक में बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षिकाएँ उपस्थित रहीं और सभी ने संघ की एकता को मजबूत करने का आश्वासन दिया। अंत में जिला अध्यक्ष संतोष सोनी ने कहा कि संघ हमेशा शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और हर स्तर पर उनकी आवाज़ उठाता रहेगा।
संघ ने सभी शिक्षकों से अपील की कि वे आगामी 5 सितम्बर 2025 को आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपनी उपस्थिति से संघ की ताकत को प्रदर्शित करें।