नि:शुल्क नेत्र शिविर-मोतियाबिंद सर्जरी के लिए 11 मरीज चिन्हित

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज में आयोजित हुआ।
रेवांचल टाइम्स नारायणगंज मंडला आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला में जरूरतमंद मरीजों को समय पर और बिना किसी खर्च के उच्च गुणवत्ता वाला इलाज देने के लिए राष्ट्रीय दृष्टि नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत नि:शुल्क नेत्र शिविर का आयोजन जिले के सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में आयोजित किया जाता है। जिसके अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज में सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल के मार्गदर्शन में नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया।
जानकारी अनुसार राष्ट्रीय दृष्टि नियंत्रण कार्यक्रम के तहत आयोजित इस शिविर में 15 मरीजों की आँखों की जांच की गई, जिसमें से 11 मरीजों को मोतियाबिंद की समस्या के लिए चिन्हित किया गया। शिविर में नेत्र परीक्षण का कार्य नेत्र चिकित्सा सहायक जयकरण चौधरी ने कुशलतापूर्वक किया। सभी 11 चिन्हित मोतियाबिंद के मरीजों को जांच, परीक्षण के बाद 108 एम्बुलेंस की मदद से मंडला जिला अस्पताल भेजा गया। जहां जिला अस्पताल में नेत्र विशेषज्ञ डॉ. तरूण अहिरवाल इन सभी मरीजों की मोतियाबिंद की सफल सर्जरी करेंगे।
बताया गया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज में नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन हर सप्ताह सोमवार और मंगलवार को नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे। नेत्र चिकित्सा सहायक जयकरण चौधरी ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वे इस नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का लाभ उठाएं और अपनी आंखों की जांच कराकर संभावित समस्याओं का समय रहते पता लगाएं।