मानव अधिकार आयोग ने चार मामलों में लिया संज्ञान, मंडला का एक मामला शामिल
रेवाँचल टाईम्स- मण्डला, मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के कार्यवाहक अध्यक्ष राजीव कुमार टंडन ने समाचार पत्रों में प्रकाशित प्रथम दृष्टया मानव अधिकार उल्लंघन के चार मामलों में संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा है। इनमें से एक मामला मंडला जिले का है। जिले से संबंधित मामला खुड़िया प्राथमिक शाला भवन का है, जहाँ स्टोर रूम का छप्पर गिर गया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यह शाला भवन लंबे समय से जर्जर हालत में है। विगत 11 वर्षों से ग्रामीण और शिक्षक इसकी मरम्मत की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया। इस कारण बच्चों को भय और असुरक्षा के माहौल में अध्ययन करना पड़ रहा है, वहीं शिक्षक-शिक्षिकाएं भी डर के साए में पढ़ाने को विवश हैं। मानव अधिकार आयोग ने इस गंभीर मामले पर संज्ञान लेते हुए कलेक्टर एवं जिला शिक्षा अधिकारी, मंडला को निर्देशित किया है कि वे घटना की जांच कर एक माह के भीतर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। इस संबंध में जानकारी देते हुए मानव अधिकार आयोग-मित्र, शिकायत प्रकोष्ठ शाखा मंडला के आयोग मित्र सावन सिंह ठाकुर ने बताया कि आयोग की पहल से पीड़ित पक्षों को न्याय और सुरक्षित वातावरण दिलाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। आयोग मित्र की सक्रियता से न केवल आम नागरिकों की समस्याएँ सामने आ रही हैं बल्कि मानव अधिकारों की रक्षा हेतु आयोग की कार्यवाही भी गति पकड़ रही है।