मेरा विद्यालय सुंदर विद्यालय” अभियान से शिक्षा में निखार … बीईओ नारायणगंज की पहल से तीन माह में सभी स्कूल होंगे ए-ग्रेड

विद्यालयों को सुंदर बनाने बीईओ नारायणगंज की अभिनव पहल
तीन माह में सभी विद्यालय आएंगे ए ग्रेड में
“मेरा विद्यालय सुंदर विद्यालय” कार्यक्रम से होगा शिक्षा व्यवस्था का कायाकल्प

रेवांचल टाइम्स नारायणगंज मंडला विकासखंड में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) डी.के. सिंगौर द्वारा “मेरा विद्यालय सुंदर विद्यालय” कार्यक्रम की अभिनव पहल की गई है। इस अभियान का उद्देश्य विद्यालयों को सुसज्जित, स्वच्छ एवं पठन-पाठन के लिए उत्कृष्ट वातावरण उपलब्ध कराना है, जिससे विद्यार्थियों में अनुशासन, स्वच्छता और अध्ययन के प्रति सकारात्मक आदतें विकसित हों।कार्यक्रम के तहत प्राथमिक, माध्यमिक तथा एकीकृत विद्यालयों को शामिल किया गया है। शीघ्र ही हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी और छात्रावास भी इस योजना में जोड़े जाएंगे। विद्यालयों की रेटिंग 10 मानदंडों पर की जा रही है जिसमें भवन रखरखाव, स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था, मिड-डे मील की गुणवत्ता, उपस्थिति, शैक्षणिक स्तर, सहायक शिक्षण सामग्री, और पाठ्य सहगामी गतिविधियां शामिल हैं।इस पहल के अंतर्गत जनशिक्षकों और बीएसी को तीन माह में अपने-अपने आवंटित विद्यालयों को ए ग्रेड में लाने का लक्ष्य दिया गया है। प्रत्येक 15 दिन में रेटिंग और क्रॉस-रेटिंग की व्यवस्था की गई है। पहली रेटिंग में 189 विद्यालयों में से केवल एक विद्यालय माध्यमिक शाला सिकोसी ए ग्रेड में आई है, जिसे आगामी 13 नवंबर को शिक्षा स्थायी समिति की बैठक में सम्मानित किया जाएगा।बीईओ सिंगौर ने बताया कि यह कार्यक्रम न केवल विद्यालयों के भौतिक स्वरूप को सुधारने का कार्य करेगा, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने, ड्रॉपआउट दर घटाने और खेल-सांस्कृतिक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने में भी अहम भूमिका निभाएगा। बीआरसी कमलेश भवेदी ने कहा कि इस योजना से बच्चों की उपस्थिति में सुधार होगा और शिक्षा के क्षेत्र में नारायणगंज का विकासखंड एक नया मानक स्थापित करेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.