नारायणगंज में माटी कला प्रशिक्षण का शुभारंभ परंपरा और आधुनिकता का संगम
रेवांचल टाइम्स नारायणगंज मंडला ग्राम उद्योग विकास योजना के अंतर्गत कुंभकार सशक्तिकरण कार्यक्रम का शुभारंभ नारायणगंज नगर में किया गया। यह प्रशिक्षण शिविर 11 नवंबर से 20 नवंबर तक आयोजित होगा, जिसमें स्थानीय कुम्हार समाज को आधुनिक माटी कला तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम पंचायत के सरपंच द्वारा मां सरस्वती पूजन के साथ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित समाजजनों ने पारंपरिक माटी कला के महत्व और उसके आधुनिकीकरण की दिशा में उठाए गए इस कदम की सराहना की।इस प्रशिक्षण में राज्यस्तरीय टेराकोटा आर्टिस्ट हेमंत प्रजापति (नर्मदापुरम) द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने माटी से बनने वाले विभिन्न सजावटी व उपयोगी वस्तुओं के निर्माण की आधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन किया। उनके मार्गदर्शन में प्रतिभागी पारंपरिक कला को आधुनिक डिजाइन और बाजार की मांग के अनुरूप ढालना सीख रहे हैं।आयोजकों ने बताया कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य कुम्हार समाज को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और परंपरा को आधुनिक जीवनशैली से जोड़ना है।
कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन चौधरी गया प्रसाद चक्रवर्ती, कोसा अध्यक्ष शैलेंद्र चक्रवर्ती, मुकेश चक्रवर्ती, अरविंद चक्रवर्ती, दुर्गा प्रसाद चक्रवर्ती सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को ग्रामीण विकास के लिए मील का पत्थर बताया।इस प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को टेराकोटा कला, मिट्टी के खिलौने, दीये, घरेलू सजावटी वस्तुएं और आधुनिक बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद निर्माण की जानकारी दी जा रही है।स्थानीय नागरिकों ने कहा कि यह पहल न केवल ग्रामीण कला को नया जीवन देगी, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगी।