कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों की बैठक में फार्मर रजिस्ट्री, खसरा मैपिंग और अशांति फैलाने वालों पर कार्रवाई के दिए निर्देश

रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने शुक्रवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में राजस्व विभाग के अधिकारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री और खसरा मैपिंग के कार्य को शीघ्रता से पूर्ण करने पर विशेष बल दिया, इसे किसानों को भविष्य में योजनाओं का लाभ सुविधाजनक तरीके से दिलाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
बैठक के मुख्य बिंदु और दिए गए निर्देश
राजस्व प्रकरणों का त्वरित निराकरण नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और भू-अर्जन के लंबित प्रकरणों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित किया जाए।
आम जनता से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब न हो।
महत्वपूर्ण तकनीकी कार्य
एग्रीस्टैक ऐप और सारा ऐप के माध्यम से सभी किसानों की फार्मर रजिस्ट्री और खसरा लिंकिंग (मैपिंग) का कार्य तेजी से पूर्ण किया जाए।
भू-अभिलेख खसरा को समग्र आईडी एवं आधार लिंकिंग आदि कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए गए।
साइबर तहसील के प्रकरणों और स्वामित्व आबादी सर्वेक्षण कार्यों की समीक्षा की गई।
कानून व्यवस्था पर सख्ती
सभी एसडीएम दांडिक प्रकरणों पर विशेष ध्यान दें।
समाज में अशांति फैलाने वाले तत्वों पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही अनिवार्य रूप से की जाए।
सेवाओं और निगरानी
राजस्व वसूली, राहत राशि वितरण, पीएम किसान/सीएम किसान सम्मान निधि के कार्यों की समीक्षा।
सीएम हेल्पलाईन शिकायतों और लोक सेवा गारंटी के आवेदनों का समय पर निराकरण सुनिश्चित हो।
पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए नियमित फील्ड निरीक्षण और सेवाओं पर समुचित निगरानी रखी जाए।
वन ग्राम संपरिवर्तन
चिन्हांकित वन ग्रामों को राजस्व ग्राम में संपरिवर्तन की कार्यवाही निर्धारित समय सीमा में और त्रुटिरहित शुद्धता के साथ पूरी की जाए।
अन्य समीक्षाएं
तहसील मुख्यालय पर हैलीपेड निर्माण हेतु शासकीय भूमि की उपलब्धता की समीक्षा।
उच्च न्यायालय जबलपुर में लंबित याचिकाओं तथा अवमानना के प्रकरणों की स्थिति।
सर्पदंश के प्रकरणों की समीक्षा तथा उन्हें कम करने के समाधान खोजने और एंटी वेनम की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश।
समन्वय से कार्यप्रणाली होगी प्रभावी
कलेक्टर नारायन ने आशा व्यक्त की कि सभी अधिकारियों के समन्वित प्रयासों से राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी होगी तथा जनता को समयबद्ध और सुविधाजनक ढंग से सेवाएं मिल सकेंगी।
बैठक में संयुक्त कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर व श्रीमती अंकिता त्रिपाठी, जिले के सभी अनुविभागों के एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर पुष्पेंद्र निगम, राहुल पटेल व आर.के.मेहरा सहित सभी तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित थे।