मंडला में लापता युवक की लाश मिली: ठंड से मौत की आशंका, सात दिन से था घर से गायब
मंडला। निवास तिराहा क्षेत्र में सड़क किनारे मिले युवक की शिनाख्त ग्राम फड़कीमाल निवासी भागचंद मरावी के रूप में हुई है। युवक पिछले सात दिनों से लापता था, जिसकी अचानक मिली लाश से इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला ठंड से मौत का प्रतीत हो रहा है। बताया गया है कि भागचंद मरावी घर से यह कहकर निकला था कि वह किसी काम से जा रहा है। लेकिन वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने अपने स्तर पर खोजबीन की और बाद में पुलिस को भी सूचना दी, मगर उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
बीती रात निवास तिराहा के पास राहगीरों ने उसे मृत अवस्था में देखा, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। परिजनों ने पहचान की पुष्टि की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक शराब पीने का आदी था और लगातार कई दिनों से घर से बाहर रह रहा था। आशंका है कि नशे की हालत में वह सड़क किनारे ही पड़ा रह गया, जहां कड़ाके की ठंड की वजह से उसकी मौत हो गई।
शव को पोस्टमॉर्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।