. जल संरक्षण की मिसाल: ग्राम जवेधा में घुघरी नाला पर बोरी बंधान कार्यक्रम सम्पन्न

जल संचय अभियान अंतर्गत बोरी बंधान कार्यक्रम सम्पन्न
ग्राम जवेधा के घुघरी नाला में किया बोरी बंधान
ग्रामीणों ने जल संरक्षण हेतु किया श्रमदान
बोरी बंधान कर जल बचाने का दिया संदेश

रेवाँचल टाईम्स – मंडला, मध्यप्रदेश शासन के योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग मध्यप्रदेश, जन अभियान परिषद के मार्गदर्शन में संचालित जल संचय अभियान के अंतर्गत ग्राम जवेधामॉल, विकासखंड निवास में जल संरक्षण हेतु बोरी बंधान कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।

यह कार्यक्रम जिला समन्वयक राजेंद्र चौधरी के निर्देशानुसार तथा विकासखंड समन्वयक सूरज वर्मन के मार्गदर्शन में नवांकुर संस्था आदिवासी जन कल्याण विकास संस्थान निवास के तत्वावधान में ग्राम के घुघरी नाला में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर जल स्रोतों का संरक्षण, स्वच्छता, जल संचयन क्षमता में वृद्धि तथा जनसामान्य में जल संरक्षण जागरूकता का प्रसार करना रहा।

कार्यक्रम के प्रथम चरण में ग्रामीणों द्वारा जल स्रोत की सफाई, गाद निकासी तथा तटक्षेत्र की स्वच्छता सुनिश्चित की गई। तत्पश्चात बोरी बंधान की प्रक्रिया के माध्यम से नाला में जलधारण क्षमता बढ़ाने हेतु सामूहिक श्रमदान किया गया।

इस अवसर पर प्रस्फुटन समिति के सदस्यों के साथ-साथ नवांकुर संस्था से उमा गणेश लोधी, अतुल रजक, शिवराज पटेल, सुरेंद्र अहिरवार एवं अन्य ग्रामीणजन, युवाओं तथा छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता की।

कार्यक्रम के अंतर्गत जल चौपाल का आयोजन कर उपस्थित समुदाय को जल संरक्षण की आवश्यकता, वर्षा जल संग्रहण की उपयोगिता तथा भविष्य के जल संकट के प्रति सजग रहने हेतु प्रेरित किया गया। अंत में सभी उपस्थित लोगों द्वारा “जल है तो जीवन है” की शपथ ग्रहण की गई।

यह अभियान सामुदायिक सहभागिता, जनजागरण तथा सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय कदम सिद्ध हो रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.