शीतकाल में कोहरा एवं धुंध से सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु यातायात पुलिस मंडला का अभियान

रेवाँचल टाईम्स – मंडला, जिले के पुलिस अधीक्षक मंडला रजत सकलेचा के निर्देशन में शीतकाल के दौरान बढ़ते कोहरा एवं धुंध के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु यातायात पुलिस मंडला द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। ठंड के मौसम में प्रातः एवं रात्रि के समय दृश्यता कम हो जाने से वाहन चालकों को सामने चल रहे या सड़क किनारे खड़े वाहनों का समय पर अनुमान नहीं हो पाता, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है।
इस समस्या को दृष्टिगत रखते हुए यातायात मंडला पुलिस द्वारा ट्रैक्टर-ट्रॉली, डंपर एवं अन्य भारी वाहनों पर रेडियम/रिफ्लेक्टर पट्टियाँ लगाई जा रही हैं, ताकि कोहरे एवं अंधेरे में ये वाहन दूर से ही स्पष्ट दिखाई दें और टक्कर की घटनाओं को रोका जा सके।
मंडला पुलिस द्वारा वाहन चालकों को शीतकाल में सुरक्षित वाहन संचालन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
क्या करें :
• यात्रा से पहले एवं दौरान मौसम का पूर्वानुमान देखें।
• कोहरे की चेतावनी होने पर अनावश्यक यात्रा टालें।
• कोहरे में धीमी गति से व परिस्थितियों के अनुसार वाहन चलाएं।
• लो-बीम हेडलाइट व फॉग लाइट का प्रयोग करें।
• वाहन की सभी लाइटें चालू रखें एवं सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
• सड़क के बाएं किनारे व मार्ग चिह्नों को गाइड के रूप में अपनाएं।
• मोबाइल, तेज संगीत जैसे विकर्षणों से बचें।
• शीशे, वाइपर व डीफ्रॉस्टर साफ रखें।
• अधिक कोहरा होने पर वाहन सुरक्षित स्थान पर पार्क कर फ्लैशर/पार्किंग लाइट चालू रखें।
क्या न करें :
• सड़क के यात्रा वाले हिस्से पर वाहन न रोकें।
• कोहरा कम होता दिखे तो भी अचानक गति न बढ़ाएं।
• ओवरटेक करने या दबाव में आकर तेज न चलाएं।