खुशखबरी बंद खातों में जमा पैसा अब सीधे पहुंचेगा जनता के पास, सांसद ने शुरू किया ‘आपकी पूंजी आपका अधिकार’ अभियान

रेवांचल टाइम्सछिंदवाड़ा|प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरगामी सोच और “अंत्योदय” के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए छिंदवाड़ा में एक बड़ी पहल शुरू हुई है। जिले के हजारों नागरिकों के बंद पड़े बैंक खातों में जमा करोड़ों रुपयों को अब सुरक्षित रूप से उनके मालिकों तक पहुँचाया जाएगा। सांसद बंटी विवेक साहू ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय बैंकर्स समिति (DLCC) की बैठक लेकर इस अभियान को गति देने के निर्देश दिए हैं।
*जिले के खातों में जमा हैं ₹58.66 करोड़*
बैठक में बैंक अधिकारियों ने चौंकाने वाले आंकड़े प्रस्तुत किए। छिंदवाड़ा जिले की विभिन्न बैंक शाखाओं में कुल 1,72,425 ऐसे खाते हैं जो बंद (Inoperative) पड़े हैं। इन खातों में आम जनता की कुल 58.66 करोड़ रुपये की गाढ़ी कमाई जमा है। सांसद साहू ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री की मंशा है कि जनता का एक-एक पैसा उन्हें वापस मिले।
*गाँव-गाँव लगेंगे कैंप, घर बैठे मिलेगा पैसा*
सांसद ने बैंक अधिकारियों को केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहने की हिदायत दी है। उन्होंने निर्देश दिए कि
विशेष कैंप हर क्षेत्र में कैंप लगाकर लोगों को उनके बंद खातों की जानकारी दी जाएगी।
*सरल प्रक्रिया* खाताधारकों को पैसा निकालने की प्रक्रिया को आसान बनाया जाएगा।
BC सखी/एजेंट की नियुक्ति ग्रामीण क्षेत्रों में एटीएम की कमी को देखते हुए ‘बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट’ (BC) नियुक्त किए जाएंगे, ताकि ग्रामीणों को पैसा निकालने के लिए शहर न भागना पड़े।
”शीतकालीन सत्र के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने विशेष रूप से सांसदों को जनता की अमानत उन्हें लौटाने के लिए सहयोग करने का आह्वान किया है। हमारा लक्ष्य है कि छिंदवाड़ा के हर गरीब और मध्यमवर्गीय व्यक्ति को उसकी जमा पूंजी वापस मिले।” सांसद, छिंदवाड़ा
*शिक्षा और स्वरोजगार पर विशेष जोर*
बैठक में केवल बंद खातों पर ही नहीं, बल्कि जिले के विकास पर भी गहन मंथन हुआ:
शिक्षा ऋण (Education Loan): सांसद ने शिक्षा ऋण की प्रक्रिया को सरल बनाने पर जोर दिया ताकि कोई भी प्रतिभाशाली छात्र धन के अभाव में पीछे न रहे।
सरकारी योजनाएं पीएम स्वनिधि, पीएम विश्वकर्मा और केसीसी (पशुपालन) जैसी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और लक्ष्य को समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।
साइबर सुरक्षा डिजिटल लेन-देन के दौर में लोगों को फ्रॉड से बचाने के लिए बैंकों को जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया है।
इस महत्वपूर्ण बैठक में कलेक्टर हरेंद्र नारायन, अग्रणी जिला प्रबंधक (LDM) अजय दुआ सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और बैंक मैनेजर उपस्थित रहे। प्रशासन और बैंकों के इस साझा प्रयास से अब छिंदवाड़ा की जनता को अपनी ही पूंजी पर वास्तविक अधिकार मिलने जा रहा है।