जहाँ शराब प्रतिबंधित, वहीं नाबालिगों की बीयर पार्टी…डिंडोरी से शर्मनाक तस्वीर

डिंडोरी। मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले से एक बेहद शर्मनाक और हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसने आस्था और कानून—दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पवित्र नर्मदा नदी के तट पर दो नाबालिग लड़कियों द्वारा केक काटकर बीयर पार्टी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो डिंडोरी के डेम घाट का है, जहां नर्मदा तट पर जन्मदिन मनाते हुए दोनों नाबालिग खुलेआम बीयर का सेवन करती दिखाई दे रही हैं। इस अमर्यादित कृत्य से स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।

घाट पर मौजूद सेवादारों ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर तत्काल पुलिस को सूचना दी। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि नर्मदा तट जैसे पवित्र स्थल पर नियमों और मर्यादाओं को ताक पर रखकर पार्टी की जा रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं धार्मिक स्थलों की पवित्रता को ठेस पहुंचाती हैं और समाज के लिए गलत संदेश देती हैं।

 

वीडियो वायरल होते ही आबकारी विभाग हरकत में आया। विभाग ने तत्काल संज्ञान लेते हुए वीडियो के आधार पर दोनों नाबालिगों की पहचान की और उन्हें पूछताछ के लिए कार्यालय बुलाया। समझाइश के बाद दोनों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। हालांकि, इस पूरे मामले ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है—जब नर्मदा नदी क्षेत्र में शराब पूरी तरह प्रतिबंधित है, तो आखिर नाबालिगों तक बीयर पहुंची कैसे? अब इस सवाल का जवाब तलाशना प्रशासन और आबकारी विभाग के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.