मानसिक स्वास्थ्य पर फोकस: मंडला पुलिस कंट्रोल रूम में आहार-पोषण व नशामुक्ति कार्यक्रम
मंडला।पुलिसकर्मियों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए बुधवार को पुलिस कंट्रोल रूम मंडला में आहार-पोषण, मानसिक स्वास्थ्य एवं नशामुक्ति शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार दोपहर 3 बजे आयोजित हुआ, जिसमें पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा की विशेष उपस्थिति रही।
शिविर में जिला पुलिस मंडला में पदस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस की व्यस्त और तनावपूर्ण कार्यप्रणाली के कारण उत्पन्न मानसिक दबाव को कम करना, संतुलित आहार के महत्व को समझाना तथा नशामुक्त जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
इस अवसर पर विशेषज्ञों द्वारा पुलिसकर्मियों को मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन, दैनिक आहार-पोषण की सही आदतों और नशे से दूर रहने के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ मन और सशक्त शरीर ही बेहतर पुलिसिंग की आधारशिला है।
पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिसकर्मियों का स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के शिविरों का उद्देश्य न केवल कार्यक्षमता बढ़ाना है, बल्कि पुलिसकर्मियों को मानसिक रूप से मजबूत और सकारात्मक बनाए रखना भी है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित पुलिसकर्मियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी बताया।