मजबूत रिश्ते की नींव हैं ये 5 बातें! जानें कब और क्यों पार्टनर से बोलना पड़ता है झूठ
रिश्ते की उम्र लंबी करने के लिए विश्वास सबसे जरूरी है लेकिन विश्वास के साथ-साथ एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करना भी अनिवार्य है। कई बार सच इतना कड़वा होता है कि वह पार्टनर के मनोबल को तोड़ सकता है। ऐसे में सफेद झूठ एक सेतु का काम करते हैं। आइए जानते हैं वे 5 बातें जहाँ आपको थोड़ा सा झूठ बोल देना चाहिए।
तोहफे की तारीफ
तोहफे की तारीफ करने में न हिचकिचाएं हो सकता है कि आपके पार्टनर ने बहुत चाव से आपके लिए कोई गिफ्ट खरीदा हो जो आपकी पसंद का न हो। ऐसे में यह कहना कि मुझे यह पसंद नहीं आया उनकी मेहनत और भावनाओं को चोट पहुंचा सकता है। यहां यह कहना कि यह मेरी लाइफ का सबसे प्यारा गिफ्ट है, उनके चेहरे पर जो मुस्कान लाएगा वह आपके रिश्ते को और मजबूती देगा।
खाने के स्वाद को दें प्राथमिकता
अगर आपके पार्टनर ने पहली बार या बहुत प्यार से आपके लिए किचन में मेहनत की है और खाने में नमक या मिर्च ज्यादा हो गई है तो कमियां निकालने के बजाय उनके प्रयासों की तारीफ करें। आपके द्वारा बोले गए दो मीठे शब्द उन्हें भविष्य में और बेहतर करने के लिए प्रेरित करेंगे।
मनोबल बढ़ाने वाला झूठ
पार्टनर अक्सर घर और ऑफिस की दोहरी जिम्मेदारी में थक जाते हैं। ऐसे में अगर वे किसी काम में अपना बेस्ट न भी दे पाएं तब भी उनसे यह कहना कि “तुम सब कुछ बहुत अच्छे से मैनेज कर लेते हो”, उनका आत्मविश्वास बढ़ा देता है। यह छोटा सा प्रोत्साहन उन्हें मानसिक शांति देता है।
लुक और नए स्टाइल का रखें ख्याल
पार्टनर ने कोई नया हेयरस्टाइल लिया हो या कोई नई ड्रेस पहनी हो जो आपको शायद बहुत अच्छी न लग रही हो तब भी उनका मजाक न उड़ाएं। उस वक्त उनकी तारीफ करें। अपनी राय आप बाद में किसी सही समय पर प्यार से रख सकते हैं लेकिन उस खास पल को खराब न होने दें।
पुरानी बातों को नजरअंदाज करना
कभी-कभी पुरानी कड़वी यादों या छोटी गलतियों को लेकर पूछे गए सवालों पर सब ठीक है कहना बेहतर होता है। हर छोटी बात का पोस्टमार्टम करना रिश्ते में तनाव लाता है।
ध्यान रहे ये झूठ आपकी किसी बड़ी धोखाधड़ी या गलती को छिपाने के लिए नहीं होने चाहिए। ये केवल पार्टनर को खुशी देने और उनके सम्मान को ठेस न पहुँचाने के लिए एक लव टूल की तरह इस्तेमाल किए जाने चाहिए।