गांगीवाड़ा सराफा लूट कांड का खुलासा: मास्टरमाइंड सोनी समेत 5 गिरफ्तार, 9 लाख का मशरूका जब्त

*​साप्ताहिक बाजार से लौटते समय बुजुर्ग व्यापारी से हुई थी लूट; 2 किलो 300 ग्राम चांदी और 2 बाइक बरामद*

*रेवांचल टाइम्स ​छिंदवाड़ा*

*जितेन्द्र अलबेला*

थाना देहात पुलिस ने गांगीवाड़ा के सराफा व्यवसायी के साथ हुई सनसनीखेज लूट की वारदात को सुलझाने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक नाबालिग सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 3 अन्य आरोपी अब भी फरार हैं। आरोपियों के कब्जे से करीब 6 लाख रुपये कीमत के चांदी के जेवरात और वारदात में इस्तेमाल 2 पल्सर मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं।
*​रेकी कर दिया वारदात को अंजाम*
​घटना 26 जनवरी की है, जब गांगीवाड़ा निवासी 70 वर्षीय ओमचन्द सोनी खंसवाड़ा साप्ताहिक बाजार से अपनी मोपेड पर लौट रहे थे। भमाड़ा चौक के पास कुंडाली खुर्द रोड पर दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें टक्कर मारकर गिरा दिया। बदमाशों ने बुजुर्ग व्यापारी के साथ मारपीट की और उनका सोने-चांदी के जेवरों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।
*​आपसी विवाद ने पहुंचाया सलाखों के पीछे*
​पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डे के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने साइबर सेल की मदद से घटनास्थल का तकनीकी डाटा खंगाला। इसी बीच 2 फरवरी को सूचना मिली कि संदिग्ध आकाश मालवीय और राजेश मालवी जेवरों के बंटवारे को लेकर काराबोह डैम के पास आपस में झगड़ रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें दबोचा, जिसके बाद पूरी साजिश का पर्दाफाश हुआ।
*​मास्टरमाइंड ने रची थी साजिश*
​पूछताछ में खुलासा हुआ कि वारदात की मुख्य योजना छोटी बाजार निवासी सचिन सोनी ने बनाई थी। उसने ही अपने साथियों के साथ मिलकर व्यापारी की रेकी की थी। लूट के बाद सोने के जेवर ‘सोने के दाम बढ़ने’ के इंतजार में छिपा कर रखे गए थे।
*​जब्त सामग्री*
(कुल कीमत 9 लाख रुपये):
​चांदी के जेवर: 2 किलो 300 ग्राम (पायल, बिछिया, चैन, करधन आदि)।
​वाहन: दो पल्सर मोटरसाइकिल (एक बिना नंबर की)।
*​पुलिस की गिरफ्त में*
​सचिन सोनी (छोटी बाजार),​राजेश मालवी (काशीनगर),​आकाश मालवीय (काशीनगर),
​बिलाल उर्फ बिल्ला खान (विसु नगर),​एक विधि विरुद्ध बालक
*​फरार आरोपी*
केकू उर्फ केकड़ा, नैतिक उर्फ नैतू और राहुल रसियन की तलाश जारी है। गिरफ्तार सभी आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है, जिन पर मारपीट और जुआ एक्ट के मामले दर्ज हैं।
*​सराहनीय भूमिका*
इस खुलासे में थाना प्रभारी जी.एस. राजपूत, दुर्गेश तिवारी, साइबर सेल के आदित्य रघुवंशी, नितिन सिंह और उनकी टीम की मुख्य भूमिका रही।

Leave A Reply

Your email address will not be published.