आम आदमी पार्टी की हुई जीत, हाईकोर्ट में जनहित याचिका के बाद जिला चिकित्सालय को मिले ईएनटी डॉक्टर, मरीजों को मिलेगी राहत

दैनिक रेवांचल टाईम्स – मण्डलाा। जिला चिकित्सालय में डॉक्टरों की कमी से मरीज हलाकान चल रहे हैं। छोटे-छोटे उपचारों के लिए महानगरों की ओर मरीजों को जाना पड़ता है जिससे समय और धन दोनो का नुकसान होता है और लंबे समय से सभी विशेषज्ञों की नियुक्ति की मांग चल रही थी लेकिन कोई ठोस परिणाम सामने नही आए हैं वहीं आम आदमी पार्टी लगभग एक साल से इस विषय को लेकर ताकत से काम कर रही थी धरना प्रदर्शन ही नही आंदोलन भी कर चुकी है। आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष पंकज सोनी ने बताया कि जिला अस्पताल में लंबे समय से चली आ रही विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी को लेकर आखिरकार एक अहम उपलब्धि सामने आई है। कान नाक और गला (ईएनटी) विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति को आम आदमी पार्टी ने अपने लगातार संघर्ष और जनदबाव का परिणाम बताया है। जिला अध्यक्ष पंकज सोनी ने इसे जनता की जीत करार देते हुए कहा कि यह सफलता वर्षों की मेहनत आंदोलन और कानूनी प्रक्रिया के बाद संभव हो सकी है। जानकारी के अनुसार मंडला जिला अस्पताल में ईएनटी विशेषज्ञों की कमी को लेकर आम आदमी पार्टी ने वर्ष 2025 की शुरुआत से ही आवाज बुलंद करनी शुरू कर दी थी। 28 फरवरी 2025 को पार्टी कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जिसमें अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की तत्काल नियुक्ति मांग की गई थी। इसके बाद भी जब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी ने 25 अगस्त से 28 अगस्त 2025 तक कलेक्ट्रेट रोड पर तीन दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने भाग लेकर स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताई। आंदोलन को और तेज करते हुए 28 अगस्त 2025 को पार्टी की तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल को मंडला आमंत्रित किया गया। उनके नेतृत्व में एक विशाल रैली निकाली गई जिसमें प्रशासन और सरकार को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि यदि मांगें पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन और उग्र रूप लेगा। इसके बावजूद जब हालात में कोई सुधार नहीं हुआ तो पार्टी ने कानूनी रास्ता अपनाने का निर्णय लिया। नवंबर 2025 में हाई कोर्ट के माध्यम से प्रशासन को नोटिस भेजा गया लेकिन इसके बाद भी स्थिति जस की तस बनी रही। अंतत: 7 फरवरी 2026 को आम आदमी पार्टी द्वारा जनहित याचिका (पीआईएल) दायर की गई। इस याचिका के बाद न्यायालय ने संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किए। इसी बीच जिला अस्पताल में ईएनटी विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी हो गई जिसे आम आदमी पार्टी ने अपने संघर्ष की पहली बड़ी जीत बताया है। अब मंडला जिला अस्पताल में डॉ. सौम्या चौबे और डॉ. सरिता उईके को कान, नाक और गला रोग विशेषज्ञ के रूप में नियुक्त किया गया है। इससे जिले के हजारों मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है जिन्हें अब तक इस तरह के उपचार के लिए बाहर के शहरों का रुख करना पड़ता था। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों के लिए यह नियुक्ति बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पार्टी जिला अध्यक्ष पंकज सोनी ने कहा कि यह उपलब्धि केवल आम आदमी पार्टी की नहीं बल्कि पूरे जिले की जनता की जीत है जिन्होंने इस मुद्दे पर पार्टी का साथ दिया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है। जब तक जिला अस्पताल में कार्डियोलॉजिस्ट, गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट, रेडियोलॉजिस्ट सहित अन्य विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति नहीं हो जाती तब तक पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अब जब नियुक्ति हो गई है तो कई जनप्रतिनिधि और अन्य राजनीतिक दल इसका श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं जबकि हकीकत यह है कि इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी मंडला के अलावा किसी ने गंभीर पहल नहीं की थी। लगातार धरना प्रदर्शन और न्यायालय की शरण में जाने के बाद ही यह परिणाम सामने आया है। स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी इसी तरह स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार होता रहेगा। आम जनता का कहना है कि जिला अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता से न केवल इलाज आसान होगा बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को भी बड़ी राहत मिलेगी। मंडला जिला अस्पताल में ईएनटी विशेषज्ञों की नियुक्ति एक सकारात्मक कदम है जो यह दर्शाता है कि यदि जनप्रतिनिधि और आम नागरिक मिलकर किसी मुद्दे को गंभीरता से उठाएं तो बदलाव संभव है। अब देखना होगा कि अन्य जरूरी विशेषज्ञों की नियुक्ति कब तक होती है और जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को कितना मजबूत किया जा पाता है।