नर्मदा से अवैध रेत उत्खनन का आरोप, ग्रामीणों ने की सख्त कार्रवाई की मांग

दैनिक रेवांचल टाईम्स, मंडला: जिले के ग्राम गुरारखेड़ा एवं मोहनियापटपरा क्षेत्र में नर्मदा नदी से अवैध रेत उत्खनन का मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। इस संबंध में ग्रामीणों द्वारा कलेक्टर को आवेदन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इन क्षेत्रों में रेत माफिया द्वारा लगातार अवैध उत्खनन किया जा रहा है, जिससे नर्मदा नदी के प्राकृतिक स्वरूप को नुकसान पहुंच रहा है। इसके साथ ही पर्यावरण संतुलन पर भी इसका गंभीर प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
आवेदकों का कहना है कि यह उत्खनन बिना किसी वैधानिक अनुमति के खुलेआम किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए मिलीभगत की आशंका व्यक्त की है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और अवैध उत्खनन पर तत्काल रोक लगाई जाए।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इस अवैध गतिविधि को नहीं रोका गया तो नर्मदा नदी और आसपास के पर्यावरण को गंभीर क्षति हो सकती है। फिलहाल इस मामले में प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर क्षेत्रवासियों की निगाहें टिकी हुई हैं।