गोकुलधाम में हनुमान जी महाराज का जन्मोत्सव धूमधाम से सम्पन्न
दैनिक रेवांचल टाईम्स, मंडला:शहर की गोकुलधाम कॉलोनी स्थित गार्डन परिसर के हनुमान मंदिर में आज आराध्य संकटमोचन भगवान श्री हनुमान जी महाराज (बब्बा जी) का जन्मोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूरा क्षेत्र भक्ति और उत्साह के रंग में रंगा नजर आया।
मीडिया प्रभारी नवनीत साहू के अनुसार सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। विधिवत मंत्रोच्चार के बीच पंडित जी द्वारा हनुमान जी का आकर्षक श्रृंगार, पूजन, हवन एवं महाआरती सम्पन्न कराई गई, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने सहभागिता निभाई।
जन्मोत्सव के पावन अवसर पर कन्या भोजन का आयोजन किया गया, साथ ही श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे की व्यवस्था की गई, जिसमें सभी ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
शाम के समय महाआरती के पश्चात विशेष रूप से फलाहारी केक काटकर जन्मोत्सव को यादगार बनाया गया। इस दौरान उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने हनुमान जी महाराज से सुख-समृद्धि और मंगल की कामना करते हुए आशीर्वाद प्राप्त किया।
पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भजन-कीर्तन और जयकारों से गूंजता रहा, जिससे वातावरण पूर्णतः भक्तिमय बना रहा। 🚩