निर्धारित समय सीमा से पहले पूरा हुआ मूल्यांकन कार्य,
दैनिक रेवाँचल टाईम्स – मंडला,जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 में सभी विषयों की कॉपियां जांची गईं
वही जानकारी के अनुसार 22 फरवरी से शुरू हुआ मूल्यांकन 5 अप्रैल को हुआ पूर्ण, प्रशासनिक निगरानी में पारदर्शिता के साथ संपन्न हुआ कार्य
मण्डला। जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 मण्डला में स्थापित बोर्ड परीक्षा मूल्यांकन केंद्र में इस वर्ष मूल्यांकन कार्य निर्धारित समय सीमा से पहले ही सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया। समयबद्धता, अनुशासन और बेहतर प्रबंधन के चलते यहां सभी विषयों की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 5 अप्रैल तक पूरा कर लिया गया, जिससे शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली की सराहना भी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार मूल्यांकन कार्य की शुरुआत 22 फरवरी से की गई थी। प्रारंभ से ही इस कार्य को व्यवस्थित और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर लगातार निगरानी रखी गई। मूल्यांकन केंद्र का निरीक्षण समय-समय पर अपर कलेक्टर मण्डला द्वारा प्रेक्षक के रूप में किया जाता रहा, जिससे पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और अनुशासन बना रहा।
विद्यालय के प्राचार्य एस.के. जाटव ने बताया कि केंद्र में विभिन्न विषयों की हजारों उत्तर पुस्तिकाओं की जांच का कार्य किया गया। सभी परीक्षकों ने पूरी जिम्मेदारी, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया, जिसके परिणामस्वरूप मूल्यांकन कार्य तय समय सीमा से पहले ही पूरा हो गया।
उन्होंने बताया कि मूल्यांकन केंद्र में परीक्षकों के लिए बैठने की उचित व्यवस्था, प्रकाश, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई थीं। इसके साथ ही उत्तर पुस्तिकाओं के सुरक्षित रख-रखाव, वितरण और जमा करने की प्रक्रिया को भी सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया गया। इससे परीक्षकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई और कार्य तेजी से पूरा हो सका।
प्राचार्य ने कहा कि शिक्षकों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास, अनुशासन और मेहनत के कारण यह संभव हो पाया कि सभी विषयों का मूल्यांकन निर्धारित समय से पहले ही पूर्ण हो गया। उन्होंने मूल्यांकन कार्य में लगे सभी परीक्षकों, कर्मचारियों और सहयोगी स्टाफ का आभार व्यक्त करते हुए उनके योगदान की सराहना की।
उन्होंने यह भी बताया कि समय पर मूल्यांकन कार्य पूरा होने से परीक्षा परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया भी सुचारू रूप से आगे बढ़ सकेगी, जिससे विद्यार्थियों को समय पर अपने परिणाम प्राप्त होंगे और आगे की पढ़ाई की योजना बनाने में सुविधा मिलेगी।