नागपुर से पकड़ा गया ₹30,000 का इनामी, पत्नी की हत्या कर हुआ था फरार
रेवांचल टाईम्स – मंडला, जिले के थाना घुघरी के अंतर्गत तीन वर्षों से फरार चल रहे हत्या के आरोपी को थाना घुघरी पुलिस ने किया गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार दिनांक 20/05/2022 को थाना घुघरी में प्रकरण क्रमांक 109/2022 धारा 302 भा.दं.वि. के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था, जिसमें आरोपी श्यामसिंह धुर्वे निवासी जिगरघटा ने लकड़ी के डंडे से मारकर अपने ही पत्नि की हत्या कर दी गई थी। मामले का आरोपी श्यामसिंह धुर्वे पिता बुधसेन धुर्वे (उम्र 35 वर्ष), निवासी जिगरघटा, थाना घुघरी घटना दिनांक से ही फरार चल रहा था, जिसकी तलाश हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे थे। पुलिस महानिरीक्षक बालाघाट जोन, बालाघाट द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी पर ₹30,000/- के इनाम की घोषणा की गई थी।
प्रकरण में फरार आरोपी की गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक मंडला द्वारा टीम का गठन कर आरोपी की गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया गया था। गठित टीम द्वारा थाना प्रभारी घुघरी पूजा सिंह बघेल के नेतृत्व में आरोपी की तलाश हेतु सूचना संकलित की गई। प्राप्त सूचनाओं एवं उनके विश्लेषण के आधार पर आरोपी की उपस्थिति नागपुर, महाराष्ट्र में चिन्हित की गई व टीम को नागपुर रवाना किया गया, जहाँ से आरोपी को थाना बाड़ी, नागपुर शहर, महाराष्ट्र से पकड़ा गया। आरोपी को गिरफ्तार कर दिनांक 15/07/2025 को माननीय न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया।