सावन के चौथे सोमवार पर मंडला में निकली भव्य कांवड़ यात्रा, ‘हर हर महादेव’ के जयघोष से गूंजा शहर
सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने भी कांधा दिया कांवड़ को, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही उपस्थिति
मंडला।श्रावण मास के चौथे सोमवार को मंडला नगर श्रद्धा, भक्ति और शिव आराधना में डूबा नजर आया। शहर की सड़कों पर ‘हर हर महादेव’ और ‘नर्मदे हर’ के जयघोष के बीच नमामि नर्मदे महाआरती ट्रस्ट द्वारा माहिष्मती नर्मदेश्वर कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
यह धार्मिक यात्रा माहिष्मती घाट से प्रारंभ हुई और नेहरू स्मारक, बैगा-बैगी चौक, बुधवारी चौक होते हुए श्री व्यासनारायण मंदिर तक पहुंची। मंदिर प्रांगण में जलाभिषेक, रुद्राभिषेक, तथा हवन-पूजन विधिविधान से संपन्न हुआ।
इस पावन अवसर पर सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते स्वयं कांवड़ उठाकर यात्रा में सम्मिलित हुए, जो श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र रहे। उनके साथ जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी यात्रा में शामिल हुए।
कांवड़ यात्रा के सफल आयोजन को लेकर प्रशासन एवं ट्रस्ट द्वारा सुरक्षा, व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया।