थाना बीजाडांडी में शांति समिति की बैठक सम्पन्न
ईद मिलादुन्नबी व गणेश विसर्जन को लेकर सौहार्द बनाए रखने का लिया गया संकल्प
रेवांचल टाइम्स मंडला थाना बीजाडांडी परिसर में शुक्रवार को शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नवयुक्त थाना प्रभारी प्रदीप पांडे ने की। बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, धार्मिक व सामाजिक संगठन के पदाधिकारी तथा गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष डुमरीलाल कुम्हारे, पूर्व मंडल अध्यक्ष आदित्य मिश्रा, प्रदेश अनुसूचित जनजाति मोर्चा के कार्यालय मंत्री संदीप कुलस्ते, मंडल उपाध्यक्ष मो. सफ़र, जनपद सदस्य राजेंद्र पुट्टा, जनपद उपाध्यक्ष विजेंद्र यादव, मस्जिद सुभानिया के सदर अकील मंसूरी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य पुष्पा सिंह उद्दे, सरपंच संघ के अध्यक्ष बलदेव परते सहित भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीणजन शामिल हुए।
पर्वों की शांति व्यवस्था पर हुई चर्चा
बैठक में आगामी जश्ने ईद मिलादुन्नबी और गणेश भगवान के विसर्जन जैसे पर्वों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। थाना प्रभारी पांडे ने कहा कि “त्योहार केवल उत्सव का अवसर नहीं बल्कि समाज में आपसी भाईचारे और प्रेम को मजबूत करने का माध्यम भी हैं। बीजाडांडी की पहचान गंगा-जमुनी तहज़ीब से है, इसे हर हाल में बनाए रखना सबकी जिम्मेदारी है।”
जनप्रतिनिधियों ने रखे विचार
भाजपा मंडल अध्यक्ष डुमरीलाल कुम्हारे ने कहा कि सभी धर्मों और समाजों का मिलजुलकर पर्व मनाना ही वास्तविक संस्कृति है। वहीं, मस्जिद सुभानिया के सदर अकील मंसूरी ने कहा कि “ईद मिलादुन्नबी का जुलूस शांति और भाईचारे का प्रतीक है। सभी समुदायों के सहयोग से यह पर्व सौहार्दपूर्ण ढंग से सम्पन्न होगा।”
जनपद सदस्य राजेंद्र पुट्टा और सरपंच संघ के अध्यक्ष बलदेव परते ने भी कहा कि प्रशासन और जनता के सहयोग से क्षेत्र में हमेशा की तरह अमन-चैन कायम रहेगा।
सभी ने लिया सौहार्द का संकल्प
बैठक में उपस्थित सभी नागरिकों ने एकमत होकर आश्वासन दिया कि वे पर्वों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करेंगे और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान नहीं देंगे।